Page Loader
IPL 2025: उर्विल पटेल CSK में हुए शामिल, 28 गेंदों में लगा चुके हैं टी-20 शतक
उर्विल पटेल CSK में हुए शामिल (तस्वीर: एक्स/@Urvil_Patel37)

IPL 2025: उर्विल पटेल CSK में हुए शामिल, 28 गेंदों में लगा चुके हैं टी-20 शतक

May 05, 2025
05:26 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बचे हुए सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने उर्विल पटेल को अपने साथ जोड़ा है। गुजरात टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल टी-20 क्रिकेट में 28 गेंदों में शतक जड़ चुके हैं। वह टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्हें CSK ने वंश बेदी की जगह पर टीम में शामिल किया है। CSK ने आधिकारिक तौर पर ये ऐलान किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

शतक 

विश्व क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं उर्विल 

विश्व क्रिकेट के बल्लेबाजों में उर्विल टी-20 क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में त्रिपुरा के खिलाफ 28 गेंदों में शतक जड़ा था। उनसे आगे सिर्फ इस्टोनिया के साहिल चौहान हैं, जिन्होंने पिछले साल साइप्रस के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 27 गेंदों में शतक जड़ा था। इस सूची में तीसरे स्थान पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 30 गेंदों में शतक (IPL 2013) लगाने का कारनामा किया था।

आंकड़े 

ऐसा है उर्विल का टी-20 करियर 

दाएं हाथ के बल्लेबाज पटेल ने अपने टी-20 करियर में अब तक 47 मैच खेले हैं, जिसमें 26.40 की औसत और 170.38 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,162 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 2 शतक के अलावा 4 अर्धशतक लगाए थे। वह IPL 2025 की नीलामी में 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर उपलब्ध थे। हालांकि, उन पर किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।

तालिका 

प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है CSK 

CSK की टीम IPL 2025 के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। मौजूदा सीजन में अब तक CSK ने 11 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ उन्हें 2 में जीत मिली है और 9 में हार का सामना किया है। CSK फिलहाल अंक तालिका में आखिरी 10वें स्थान पर मौजूद हैं। महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल CSK की कप्तानी कर रहे हैं।