Page Loader
IPL 2025: LSG बनाम CSK मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
धोनी ने खेली उपयोगी पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: LSG बनाम CSK मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'

Apr 15, 2025
12:04 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 30वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 5 विकेट से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 167 रन के लक्ष्य को CSK ने 19.3 ओवर में हासिल किया। CSK की इस जीत में महेंद्र सिंह धोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और वह हमारे 'प्लेयर ऑफ द डे' भी बने।

पारी 

जोरदार रही धोनी की पारी 

लक्ष्य का पीछा करते हुए CSK ने जब 111 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब धोनी क्रीज पर आए। उन्होंने मैच की परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का भी लगाया। इस बीच उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर 57 रन की साझेदारी निभाई। दुबे ने 37 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए।

उपलब्धि 

धोनी ने विकेटकीपिंग में हासिल की ये उपलब्धि

आज के मैच के दौरान बतौर विकेटकीपर धोनी ने IPL में अहम उपलब्धि हासिल की। वह IPL में 200 शिकार करने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने अब तक 271 IPL मैचों में कुल 201 शिकार कर लिए हैं। इस बीच उन्होंने 155 कैच और 46 स्टम्पिंग की हैं। धोनी के बाद दूसरे सर्वाधिक शिकार वाले विकेटकीपर दिनेश कार्तिक हैं, जिन्होंने कुल 182 शिकार किए थे।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती CSK की टीम

LSG ने एडेन मार्करम (6) और निकोलस पूरन (8) के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद कप्तान पंत ने अर्धशतक लगाया, जबकि मिचेल मार्श (30) और अब्दुल समद (20) ने टीम को 166/7 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में CSK को शेख रशीद (27) और रचिन रविंद्र (37) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद दुबे और धोनी (26*) ने आखिरी ओवरों के दौरान अच्छी बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई।