
IPL 2025: ये खिलाड़ी बन सकता है दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। अभी तक दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने कप्तान का चुनाव नहीं किया है।
ऐसा माना जा रहा था कि केएल राहुल टीम के कप्तान होंगे, लेकिन उन्होंने कप्तानी करने से मना कर दिया। अब अक्षर पटेल के नाम पर लगभग पूरी तरह से मुहर लग गई है। हालांकि, अभी तक उनके नाम का ऐलान नहीं किया गया।
ऐसे में आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
बयान
सूत्रों ने अक्षर के नाम पर लगाई मुहर
अक्षर को DC की टीम ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। टी-20 विश्व कप 2024 में उनका प्रदर्शन कमाल का रहा था।
एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा, "हां अक्षर पटेल को IPL 2025 के लिए DC का कप्तान बनाए जाने की संभावना है। फ्रेंचाइजी ने राहुल को टीम का कप्तान बनाने के लिए कहा था, लेकिन वह आगामी टूर्नामेंट में एक खिलाड़ी के रूप में टीम के लिए योगदान देना चाहते हैं।"
साल
IPL 2024 में अक्षर ने की पहली बार कप्तानी
अक्षर ने पहली बार IPL 2024 में DC के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ कप्तानी की थी। उस मुकाबले में तत्कालीन कप्तान ऋषभ पंत पर स्लो ओवर रेट के कारण प्रतिबंध लगा था।
अक्षर ने अपना पहला IPL मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए साल 2014 में खेला था। वह DC टीम का हिस्सा 2019 में बने थे।
वहीं राहुल RCB, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), PBKS और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम का हिस्सा रहे हैं।
करियर
अक्षर के IPL करियर पर एक नजर
अक्षर ने अब तक 150 IPL मुकाबले खेले हैं। इसकी 113 पारियों में 36 बार नाबाद रहते हुए 21.46 की औसत से 1,653 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 रन रहा है।
गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 148 पारियों में 30.55 की औसत से 123 विकेट झटके हैं।
उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा है।
बाहर
पहले 2 मैच से बाहर होंगे राहुल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चैंपियंस ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले राहुल पहले 2 मैचों से बाहर हो सकते हैं।
ऐसी खबर है कि राहुल पिता बनने वाले हैं और इसके चलते वह कुछ मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
बता दें कि पिछले सीजन में पंत ने DC की कप्तानी की थी, लेकिन वह नीलामी के बाद LSG की टीम में चले गए थे। DC की टीम अपने पहले मैच में LSG के खिलाफ विशाखापत्तनम में मुकाबला खेलेगी