
IPL 2025: RCB बनाम CSK मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को रोमांचक मुकाबले में 2 रन से हरा दिया।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मैच में RCB ने पहले खेलते हुए 213/5 का स्कोर बनाया। जवाब में CSK की टीम 211/5 का स्कोर ही बना पाई।
RCB की इस जीत में रोमारियो शेफर्ड की अहम भूमिका रही। वह हमारे लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए।
पारी
ऐसी रही शेफर्ड की पारी और साझेदारी
शेफर्ड ने मेच में 14 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 378.57 की रही।
उन्होंने टिम डेविड के साथ मिलकर सिर्फ 15 गेंदों में 56 रन की साझेदारी निभाई। इन रनों में डेविड का योगदान सिर्फ 1 रन का था।
शेफर्ड ने CSK के सभी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में पूरा किया।
उपलब्धि
शेफर्ड ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
IPL में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है। उन्होंने 13 गेंदों में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।
शेफर्ड के अलावा केएल राहुल और पैट कमिंस भी IPL में 14-14 गेंदों पर अर्धशतक लगा चुके हैं। राहुल ने यह पारी दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ खेली थी।
कमिंस के बल्ले से ये रन मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ निकले थे। शेफर्ड का इस मैच से पहले सर्वश्रेष्ठ स्कोर 39* रन था।
तूफान
आखिरी 2 ओवर में आया शेफर्ड का तूफान
मथीशा पथिराना ने 18वां ओवर शानदार तरीके से डाला था, जिसमें उन्होंने 1 विकेट लिया और केवल 5 रन ही दिए।
इसके बाद शेफर्ड स्ट्राइक पर थे। 19वां ओवर खलील अहमद ने फेंका, जिसमें उन्होंने 33 रन लुटाए। शेफर्ड ने तेज गेंदबाज के खिलाफ 4 छक्के और 2 चौके जड़ दिए।
आखिरी ओवर में शेफर्ड को दूसरी गेंद पर स्ट्राइक मिली और उन्होंने धमाकेदार अंदाज में पारी खत्म की। पथिराना की गेंदों पर उन्होंने 2 चौके 2 दो छक्के लगाए।
RCB
RCB के लिए सबसे तेज अर्धशतक
अब शेफर्ड के नाम RCB की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने IPL 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 17 गेंदों में पचासा जड़ा था।
फाफ डु प्लेसिस ने 2024 में गुजरात के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
रजत पाटीदार ने SRH के खिलाफ 19 गेंदों में पचासा पूरा किया था। रॉबिन उथप्पा ने 2010 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक जमाया था।