
IPL 2025: रोहित शर्मा ने खेली प्लेऑफ में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (81) खेली।
यह उनके IPL करियर का 47वां और प्लेऑफ में तीसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 28 गेंदों में पूरा किया।
उनकी इस पारी की बदौलत ही MI की टीम मैच में तेजी से बढ़े स्कोर की ओर बढ़ी। आइए रोहित की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही रोहित की पारी और साझेदारी?
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी MI को रोहित और जॉनी बेयरस्टो (47) ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 44 गेंदों में 84 रन की साझेदारी निभाई।
इसके बाद रोहित ने सूर्यकुमार यादव (33) के साथ भी रन गति बनाए रखी और 59 रन की अहम साझेदारी निभाई।
इस दौरान उन्होंने पहले अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अपनी पारी में 50 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
रोहित ने पारी के दौरान हासिल की ये खास उपलब्धियां
रोहित ने अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ते ही IPL करियर में अपने 300 (अब 302) छक्के पूरे कर लिए। वह इस लीग में दूसरे सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज हैं।
इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने 141 पारियों में 357 छक्के जड़े हैं।
इसी तरह रोहित ने पारी का 43वां रन बनाते ही IPL में अपने 7,000 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले केवल दूसरे बल्लेबाज बने हैं।
स्कोर
रोहित ने प्लेऑफ में बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर
रोहित का यह IPL प्लेऑफ में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी रहा है। इससे पहले उन्होंने IPL 2020 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 68 रन की पारी खेली थी।
उससे पहले उन्होंने IPL 2015 के फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 50 रन की पारी खेली थी।
इसी तरह रोहित की यह पारी IPL इतिहास के प्लेऑफ में MI की ओर से खेली गई सबसे बड़ी पारी भी बन गई है।
जानकारी
रोहित को मिले 2 जीवनदान
रोहित को अपनी पारी में 2 अहम जीवनदान भी मिले। 3 रन के स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर गेराल्ड कोएत्जी ने उनका आसान कैच टपकाया था। इसके बाद 12 रन के स्कोर पर विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने उनका कैच टपका दिया।
करियर
कैसा रहा है रोहित का IPL करियर?
रोहित IPL में 7,000 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अपने करियर में 271 मैचों की 266 पारियों में 29.82 की औसत और 132.12 की स्ट्राइक रेट से 7,038 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक भी लगाए हैं।
वह इसी लीग में विराट कोहली (8,618) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
उन्होंने साल 2008 से लेकर अभी तक सभी संस्करण खेले हैं। वह डेक्कन चार्जर्स से भी खेल चुके हैं।