Page Loader
IPL 2025: MI ने अल्लाह गजनफर की जगह मुजीब उर रहमान को टीम में किया शामिल
MI में शामिल हुए मुजीब उर रहमान (तस्वीर: एक्स/@ICC)

IPL 2025: MI ने अल्लाह गजनफर की जगह मुजीब उर रहमान को टीम में किया शामिल

Feb 16, 2025
02:16 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने अपनी टीम में अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान को शामिल किया है। दरअसल, MI के स्पिनर अल्लाह गजनफर चोट के कारण IPL के आगामी संस्करण से बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह पर टीम ने मुजीब को अपने साथ जोड़ा है। MI ने आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दी है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

अपडेट 

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ही बाहर हो चुके थे गजनफर 

18 वर्षीय गजनफर को इससे पहले जिम्बाब्वे दौरे पर लगी चोट के कारण 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से भी बाहर होना पड़ा था। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के अनुसार, गजनफर के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है और वह इसके चलते कम से कम 4 महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे। ACB ने स्पष्ट किया था कि इस दौरान उनका इलाज जारी रहेगा।

आंकड़े 

कौन हैं गजनफर?  

गजनफर एक ऑफ स्पिनर हैं और अपनी कैरम बॉल से बल्लेबाजों को चकमा देने की क्षमता रखते है। उन्होंने अब तक 11 वनडे मैच खेले हैं और इसकी 11 पारियों में 13.57 की उम्दा औसत के साथ 21 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 4.05 की रही है। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/26 का रहा है। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 19 मैच में 13.50 की औसत से 30 विकेट लिए हैं।

मुजीब 

पिछले सीजन में चोट के चलते नहीं खेल सके थे मुजीब

दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर मुजीब ने 2018 सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ IPL में डेब्यू किया था। पिछले साल उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलना था, लेकिन चोट के कारण वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। दिलचस्प रूप से 2018 में KKR की टीम ने उनकी जगह पर गजनफर को ही शामिल किया गया था। मुजीब ने अब तक 19 IPL मैचों में 19 ही विकेट लिए हैं।

जानकारी

नीलामी में नहीं मिला था कोई खरीदार 

मुजीब को IPL 2025 की नीलामी में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था। सभी टीमों से नजरअंदाज होने के बाद अब उन्हें MI ने 2 करोड़ रुपये देकर अपने साथ शामिल किया है।