LOADING...
IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी फिर बने CSK के कप्तान, रुतुराज गायकवाड़ टूर्नामेंट से हुए बाहर
महेंद्र सिंह धोनी फिर बने CSK के कप्तान (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी फिर बने CSK के कप्तान, रुतुराज गायकवाड़ टूर्नामेंट से हुए बाहर

Apr 10, 2025
06:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बचे हुए मैचों में महेंद्र सिंह धोनी टीम की कप्तानी करेंगे। दरअसल, अब तक मौजूदा सीजन के शुरुआती 5 मैचों में CSK की कप्तानी करने वाले रुतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर बचे हुए टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार (10 अप्रैल) को यह जानकारी दी है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

अपडेट 

कोच फ्लेमिंग ने दी अपडेट 

फ्लेमिंग ने इस बारे में कहा, "गुवाहाटी में गायकवाड़ को चोट लगी थी। उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ रहा है और हम उनके लिए निराश हैं। उनकी कोहनी में फ्रैक्चर का पता चला है।" फ्लेमिंग ने धोनी की तारीफ करते हुए आगे कहा, "हमारे पास एक अनकैप्ड खिलाड़ी धोनी हैं, जो लीग के बाकी बचे मैचों में कप्तान की भूमिका निभाएंगे। धोनी को आगे आकर हमें इस स्थिति से बाहर निकालने में कोई हिचकिचाहट नहीं थी।"

चोट 

RR के खिलाफ चोटिल हुए थे गायकवाड़ 

कोच फ्लेमिंग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अगले मैच से पहले इस बात की पुष्टि की। 28 वर्षीय गायकवाड़ 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे। विपक्षी तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की गेंद से उनकी कोहनी में चोट लग गई थी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अगले 2 मैचों में हिस्सा लिया, लेकिन स्कैन में अब फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।

Advertisement

कप्तानी 

धोनी की कप्तानी में 5 खिताब जीत चुकी है CSK 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में भी धोनी सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने 5 बार (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) खिताब जीते हैं। उनके अलावा रोहित शर्मा की कप्तानी में भी मुंबई इंडियंस (MI) ने 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) ट्रॉफी अपने नाम की है। हालांकि, रोहित अब सिर्फ बतौर खिलाड़ी ही इस सीजन में हिस्सा ले रहे हैं।

Advertisement

CSK 

मौजूदा सीजन में अब तक CSK ने किया है निराश

IPL 2025 में CSK ने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को 40 रन से हराया था। इस जीत के बाद से CSK को अगले 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच CSK को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), राजस्थान रॉयल्स (RR), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। अंक तालिका में CSK की टीम फिलहाल नौवें पायदान पर मौजूद है।

Advertisement