
IPL 2025: CSK ने LSG को हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 30वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 5 विकेट से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
LSG ने पहले खेलते हुए ऋषभ पंत के अर्धशतक की बदौलत 166/7 का स्कोर बनाया।
जवाब में CSK ने शिवम दुबे (43*) की पारी की मदद से आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
आइए मैच के दौरान बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह का रहा रोचक मुकाबला
LSG ने एडेन मार्करम (6) और निकोलस पूरन (8) के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद कप्तान पंत ने अर्धशतक लगाया, जबकि मिचेल मार्श (30) और अब्दुल समद (20) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में CSK को शेख रशीद (27) और रचिन रविंद्र (37) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद दुबे और महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी ओवरों के दौरान अच्छी बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई।
पंत
पंत ने इस सीजन में लगाया अपना पहला अर्धशतक
जब LSG ने 23 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया, तब पंत क्रीज पर आए।
उन्होंने CSK की सधी हुई गेंदबाजी के सामने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह पारी के आखिरी ओवर के दौरान पथिराना की गेंद पर आउट हुए।
उन्होंने 49 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।
धोनी
धोनी ने पूरे किए 200 शिकार
महेंद्र सिंह धोनी ने विकेटकीपिंग में अहम उपलब्धि हासिल की। वह बतौर विकेटकीपर 200 शिकार करने वाले IPL में पहले खिलाड़ी बन गए।
उन्होंने अब तक 271 IPL मैचों में कुल 201 शिकार कर लिए हैं। इस बीच उन्होंने 155 कैच और 46 स्टम्पिंग की हैं।
धोनी के बाद दूसरे सर्वाधिक शिकार वाले विकेटकीपर दिनेश कार्तिक हैं, जिन्होंने कुल 182 शिकार किए थे।
इस सूची में तीसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स (126) हैं।
नूर
नूर ने की बेहद किफायती गेंदबाजी
स्पिन के लिए मददगार नजर आ रही इकाना स्टेडियम की पिच पर नूर अहमद ने बेहद किफायती गेंदबाजी की।
इस चाइनामैन गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना कोई विकेट लिए सिर्फ 13 रन दिए।
वह मौजूदा सीजन में किसी एक मैच में संयुक्त रूप से सबसे किफायती गेंदबाजी (4 ओवर के कोटे में) करने वाले गेंदबाज बने हैं।
उनसे पहले सुनील नरेन ने CSK के खिलाफ अपने 4 ओवर में 13 रन दिए थे।
दुबे
दुबे ने खेली उम्दा पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए CSK ने जब 76 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब दुबे क्रीज पर आए।
उन्होंने शुरुआत में कुछ धीमी गति में बल्लेबाजी की। हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने मैच की परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी की।
उनकी पारी की मदद से CSK ने आखिरी ओवर के दौरान लक्ष्य हासिल किया।
दुबे ने 37 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए।
धोनी ने 11 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए।