Page Loader
IPL 2025 में खत्म हुआ LSG का सफर, आंकड़ों से जानिए कैसा रहा प्रदर्शन 
LSG की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में खत्म हुआ LSG का सफर, आंकड़ों से जानिए कैसा रहा प्रदर्शन 

May 28, 2025
02:04 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सफर खत्म हो चुका है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 6 विकेट की हार झेलकर अभियान का निराशाजनक अंत किया। पिछली बार भी ये टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंची थी और इस बार भी टीम का सफर लीग चरण में ही समाप्त हो गया। ऐसे में आइए मौजूदा संस्करण में उसके सफर पर नजर डालते हैं।

मुकाबले

6 मुकाबलों में जीत दर्ज कर पाई LSG 

LSG का इस संस्करण में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। टीम ने हार के साथ अभियान की शुरुआत की और आखिर तक लय में नहीं लौट पाई। यही कारण रहा कि वह कुल 14 मैचों में से केवल 6 में जीत दर्ज कर पाई और 8 में उसे हार झेलनी पड़ी। इसके चलते पंत के नेतृत्व में टीम 12 अंकों (-0.376) के साथ IPL 2025 का संस्करण समाप्त करने को मजबूर हुई।

जीत

LSG ने इन टीमों के खिलाफ दर्ज की जीत 

LSG को अपने पहले मुकाबले में ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 1 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद टीम केवल सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), मुंबई इंडियंस (MI), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), गुजरात टाइटंस (GT के खिलाफ 2 मैच) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ ही जीत दर्ज कर पाई। इसके अलावा 7 अन्य मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। LSG को अपने आखिरी 6 मुकाबलों में सिर्फ 1 में जीत मिल पाई।

रन

मिचेल मार्श ने बनाए LSG के लिए सबसे ज्यादा रन 

LSG के लिए मिचेल मार्श ने IPL 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 13 मैच की 13 पारियों में 48.23 की औसत और 163.70 की स्ट्राइक रेट से 627 रन निकले। मार्श ने 1 शतक और 6 अर्धशतक जड़े। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा। निकोलस पूरन ने 14 मैच में 43.66 की औसत और 196.25 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87* रन रहा और उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले।

विकेट

इन गेंदबाजों ने झटके LSG के लिए सबसे ज्यादा विकेट 

दिग्वेश राठी ने LSG के लिए 13 मैच की 13 पारियों में 30.64 औसत के साथ सबसे ज्यादा 14 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी रेट 8.25 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/30 का रहा। शार्दुल ठाकुर ने LSG के लिए 10 पारियों में 28.84 की औसत से 13 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 का रहा। आवेश खान ने 13 मैचों की 13 पारियों में 37.64 की औसत से 13 विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/37 का रहा।