Page Loader
IPL 2025: LSG और CSK का एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए 
LSG कमाल के फॉर्म में है (तस्वीर: एक्स/@LucknowIPL)

IPL 2025: LSG और CSK का एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए 

Apr 13, 2025
05:29 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 30वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से 14 अप्रैल को होगा। CSK का प्रदर्शन इस संस्करण में खराब रहा है। उसने 6 मुकाबले खेले हैं और सिर्फ 1 मैच में उसे जीत मिली है। वहीं, LSG को 4 मैच में जीत और 2 में हार मिली है। ये मुकाबला इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बीच दोनों टीमों का एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

LSG का पलड़ा रहा है भारी 

CSK और LSG के बीच IPL के इतिहास में अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 1 में CSK को जीत मिली है, जबकि 3 मैच LSG ने अपने नाम किए हैं। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। IPL 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले खेले गए थे। दोनों मैच LSG ने अपने नाम किए थे। पहला मैच LSG ने 8 विकेट और दूसरा 6 विकेट से जीता था।

CSK

CSK के प्रमुख खिलाड़ियों का LSG के खिलाफ प्रदर्शन 

महेंद्र सिंह धोनी ने LSG के खिलाफ 4 पारियों में 315.79 की स्ट्राइक रेट से 60 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 28* रन रहा है। शिवम दुबे ने LSG के खिलाफ 5 पारियों में 36.36 की औसत और 179.01 की स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 66 रन रहा है। गेंदबाजी में अनुभवी रविचंद्रन अश्विन ने 7.05 की इकॉनमी से LSG के खिलाफ 5 मैच में 5 विकेट लिए हैं।

LSG

LSG के प्रमुख खिलाड़ियों का CSK के खिलाफ प्रदर्शन  

ऋषभ पंत ने CSK के खिलाफ 11 पारियों में 156.90 की स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 79 रन रहा है। निकोलस पूरन ने CSK के खिलाफ 10 पारियों में 35.57 की औसत और 157.59 की स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 64* रन रहा है। गेंदबाजी में आवेश खान ने 9.42 की इकॉनमी से CSK के खिलाफ 9 मैच में 7 विकेट लिए हैं।

स्टेडियम

इकाना स्टेडियम में दोनों टीमों के आंकड़े 

इकाना स्टेडियम में LSG ने अब तक 17 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 9 मैच में उन्हें जीत और 7 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 1 मैच बेनतीजा रहा है। इस मैदान पर LSG का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 203 रन रहा है। CSK ने इस मैदान पर 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 1 में उन्हें हार और 1 में कोई नतीजा नहीं निकला है। यहां GT का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है।