Page Loader
IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी का इस सीजन में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
CSK का सफर हुआ समाप्त (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी का इस सीजन में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े

May 25, 2025
08:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 67वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 83 रन से हराते हुए अपने अभियान का समापन किया। इस जीत के बावजूद CSK की टीम अंक तालिका में आखिरी 10वें स्थान पर रही CSK के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बीच दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। आइए उनके IPL 2025 में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

संन्यास 

संन्यास को लेकर क्या बोले धोनी? 

मैच के बाद दिए गए इंटरव्यू में धोनी ने कहा, "मेरे पास फैसला लेने के लिए 4 से 5 महीने हैं, कोई जल्दबाजी नहीं है।" दिग्गज क्रिकेटर ने आगे कहा, "अगर खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर रिटायर होना पड़े, तो कई खिलाड़ी 22 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाएंगे।" उन्होंने भविष्य को लेकर फिट रहने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के महत्व पर जोर दिया।

प्रदर्शन 

ऐसा रहा धोनी का प्रदर्शन 

IPL 2025 में धोनी ने 14 मैचों की 13 पारियों में 24.5 की औसत और 135.17 की स्ट्राइक रेट के साथ 196 रन बनाए। इस बीच 30* रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वह ज्यादातर पारियों में आखिरी ओवरों के दौरान बल्लेबाजी के लिए आए। धोनी ने लगातार तीसरे सीजन में 200 से कम रन बनाए हैं। उन्होंने IPL 2024 में 161 रन और 2023 में 104 रन बनाए थे।

कप्तानी 

धोनी ने इस सीजन में 9 मैचों में की कप्तानी 

मौजूदा सीजन में CSK के शुरुआती 5 मैचों में रुतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी की थी। वह चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। ऐसे में 5 मैचों के बाद धोनी ने CSK की कमान संभाली। हालांकि, इस बार उनकी कप्तानी का जादू नहीं चल सका। धोनी के नेतृत्व में CSK ने 9 मैचों में से सिर्फ 3 मैच जीते और 6 में शिकस्त का सामना किया।

आंकड़े 

ऐसा रहा है धोनी का IPL करियर 

धोनी ने IPL में अब तक 38.30 की औसत के साथ 5,439 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए हैं। वह फिलहाल लीग में छठे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। IPL इतिहास में धोनी सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं। वह इस लीग में 100 से अधिक जीत वाले इकलौते कप्तान हैं। उनके बाद दूसरे सर्वाधिक जीत वाले कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नेतृत्व में MI ने 87 मैचों में जीत दर्ज की थी।