Page Loader
IPL 2025: MI बनाम KKR मुकाबले में ये खिलाड़ी बना 'प्लेयर ऑफ द डे'
MI ने अपनी पहली जीत दर्ज की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: MI बनाम KKR मुकाबले में ये खिलाड़ी बना 'प्लेयर ऑफ द डे'

Apr 01, 2025
08:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 8 विकेट से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 117 रन के लक्ष्य को मेजबान टीम ने 12.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। MI की इस सीजन की पहली जीत में अश्विनी कुमार की अहम भूमिका रही। अपने डेब्यू मैच में अविश्वसनीय प्रदर्शन करने वाले अश्विनी हमारे 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए।

गेंदबाजी

IPL डेब्यू में 4 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने अश्विनी 

अश्विनी ने पारी के चौथे और अपने पहले ओवर की पहली गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को आउट कर KKR को तीसरा झटका दिया और अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (19) और आंद्रे रसेल (5) को पवेलियन की राह दिखा दी। इससे KKR पूरी तरह बैकफुट पर आ गई। अश्विनी ने अपने 4 ओवर में 24 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।

सूची 

इस विशेष सूची में शामिल हुए अश्विनी 

अश्विनी ने इस मैच में एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम दर्ज की। वह IPL डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज बन गए हैं। मथीशा पथीराना यह उपलब्धि हासिल करने वाले 9वें खिलाड़ी थे। इन दोनों से पहले इशांत शर्मा, विलिकिन मोटा, शेन हारवुड, अमित सिंह, चार्ल लैंगवेल्ट, अली मुर्तजा, टीपी सुधिंद्रा और अल्जारी जोसेफ भी अपने IPL डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती MI की टीम

KKR ने 25 रन के स्कोर तक क्विंटन डिकॉक (1), सुनील नरेन (0) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) के विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद भी KKR के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा और पूरी टीम महज 16.2 ओवर में 116 रन पर ही सिमट गई। KKR से अंगकृष रघुवंशी ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। जवाब में MI ने रेयान रिकेल्टन की पारी (62*) की बदौलत लक्ष्य हासिल किया। उनके अलावा सूर्यकुमार ने नाबाद 27 रन बनाए।