Page Loader
IPL 2025: अजिंक्य रहाणे बने KKR के कप्तान, वेंकटेश अय्यर को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी
अजिंक्य रहाणे बने KKR के कप्तान (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

IPL 2025: अजिंक्य रहाणे बने KKR के कप्तान, वेंकटेश अय्यर को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी

Mar 03, 2025
03:46 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अजिंक्य रहाणे को अपना कप्तान नियुक्त किया। KKR ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है। वहीं, कप्तानी के प्रमुख उम्मीदवार माने जा रहे वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। बता दें कि KKR ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलते हुए IPL 2024 का खिताब जीता था। हालांकि, खिताबी जीत के बाद श्रेयस के रास्ते टीम से अलग हो गए और टीम का नया कप्तान बनाना पड़ा।

कप्तान 

कप्तान बनने के बाद रहाणे ने जाहिर की अपनी खुशी 

रहाणे ने KKR का नया कप्तान बनने के बाद अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस संदर्भ में कहा, "IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक KKR का नेतृत्व करने का मौका मिलना सम्मान की बात है। मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन और संतुलित टीम है। मैं सभी के साथ काम करने और अपने खिताब को बचाने की चुनौती के लिए उत्सुक हूं।"

आंकड़े

ऐसा रहा है रहाणे का IPL करियर 

रहाणे पिछले सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की ओर से खेले थे। वह इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC), KKR, राजस्थान रॉयल्स (RR), राइजिंग पुणे सुपरजायंट और मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होने अब तक 185 मुकाबले खेले हैं। इसकी 171 पारियों में 30.14 की औसत और 123.42 की स्ट्राइक रेट से 4,642 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* रन रहा है।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

वेंकटेश 

अच्छा रहा है वेंकटेश का IPL करियर 

KKR के नये उपकप्तान वेंकटेश ने अपने IPL करियर अब तक 51 मैचों में 31.57 की औसत और 137.12 की स्ट्राइक रेट से 1,327 रन बना लिए हैं। वह 104 रन के उच्चतम स्कोर के साथ 11 अर्धशतक और 1 शतक भी जमा चुके हैं। उन्होंने 121 चौके और 61 छक्के भी जड़े हैं। IPL 2024 में उन्होंने KKR की ओर से खेलते हुए 15 मैचों में 46.25 की औसत से 370 रन बनाए थे।

टीम 

IPL 2025 के लिए ऐसी है KKR की टीम  

बल्लेबाज: रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, अजिंक्य रहाणे और मनीष पांडे। विकेटकीपर: रहमानुल्लाह गुरबाज, लवनिथ सिसौदिया और क्विंटन डिकॉक। ऑलराउंडर: सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, मोईन अली, वेंकटेश अय्यर और अनुकूल रॉय। गेंदबाज: हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, एनरिक नोर्खिया, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडे, उमरान मलिक और स्पेंसर जॉनसन। IPL 2025 में KKR अपने अभियान की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 22 मार्च को होने वाले मुकाबले से करेगी।