Page Loader
IPL 2023: RCB ने PBKS को दिया 175 रन का लक्ष्य, पारी में बने ये रिकॉर्ड  
विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: RCB ने PBKS को दिया 175 रन का लक्ष्य, पारी में बने ये रिकॉर्ड  

Apr 20, 2023
05:10 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 27वें मुकाबले में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) की टीमें आमने-सामने हैं। RCB ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाए। टीम की ओर से फाफ डु प्लेसिस ने सबसे अधिक 84 रन बनाए। विराट कोहली ने 59 रन का योगदान दिया। हरप्रीत बरार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके। आइए RCB टीम की पारी पर एक नजर डालते हैं।

पॉवरप्ले

पॉवरप्ले में कोहली और डु प्लेसिस ने मचाया धमाल 

पॉवरप्ले में RCB के दोनों सलामी बल्लेबाज कोहली और डु प्लेसिस ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 59 रन जोड़ दिए। कोहली ने पॉवरप्ले में 19 गेंद में 29 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके भी लगाए। डु प्लेसिस ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंद में 27 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 2 चौके और 2 छक्के भी जमाए। PBKS का कोई भी गेंदबाज को पॉवरप्ले में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।

कप्तानी

कोहली ने 556 दिन बाद की RCB की कप्तानी 

मैच में डु प्लेसिस चोट के कारण कप्तान के रूप में नहीं नजर आए और उनकी जगह कोहली ने टीम की कमान संभाली। कोहली 556 दिन और 21 मैच के बाद RCB के कप्तान बने हैं। उन्होंने आखिरी बार 11 अक्टूबर, 2021 को RCB की कप्तानी की थी। कोहली भले ही टॉस हार गए, लेकिन एक अनोखा रिकॉर्ड उनके नाम है। IPL में 50 मैचों में कप्तानी करने वालों में वह सबसे ज्यादा (48 फिसदी) टॉस जीतने वाले कप्तान हैं।

अर्धशतक

फाफ डु प्लेसिस ने फिर खेली शानदार पारी  

डु प्लेसिस ने IPL 2023 का चौथा अर्धशतक सिर्फ 31 गेंद में लगाया। इसी के साथ इस सीजन में वह 300 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। ये उनके करियर का 29वां अर्धशतक रहा। डु प्लेसिस ने कोहली के साथ पहले विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने मैच में 56 गेंद का सामना किया और 84 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 150.00 की रही।

विराट कोहली

कोहली ने ये रिकॉर्ड किए अपने नाम 

कोहली और डु प्लेसिस ने IPL में 2 शतकीय साझेदारी निभाई है। RCB के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी के मामले में वह दूसरे स्थान पर आ गए हैं। पहले स्थान पर कोहली और क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 4 बार RCB के लिए शतकीय साझेदारी निभाई है। कोहली ने 600 चौके भी पूरे किए। वह ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। कोहली ने IPL में 30+ का स्कोर 100वीं बार बनाया। वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।

बल्ला

फिर गरजा कोहली का बल्ला 

मैच में कोहली ने 40 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का 48वां अर्धशतक है। उन्होंने 47 गेंद का सामना किया और 59 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनका स्ट्राइक रेट 125.53 का रहा। इस सीजन कोहली ने चौथा अर्धशतक लगाया है। कोहली के IPL में 6,900 से ज्यादा रन भी हो गए हैं। कप्तान के तौर पर उन्होंने 2021 के बाद अर्धशतक लगाया है।

आंकड़े

कोहली के इस रिकॉर्ड के आस-पास भी कोई नहीं 

टी-20 क्रिकेट में कोहली ने कप्तान के रूप में 54वीं बार 50+ का स्कोर बनाया है। कोहली के बाद दूसरे स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम हैं। उन्होंने 40 बार 50+ का स्कोर बनाया है। IPL की बात करें तो यहां भी कोहली नंबर-1 हैं। उन्होंने कप्तान के रूप में 41वीं बार 50+ का स्कोर बनाया है। दूसरे स्थान पर गौतम गंभीर हैं। उन्होंने 31 बार 50+ का स्कोर बनाया है।

कप्तान

टी-20 क्रिकेट में 6,500 रन बनाने वाले पहले कप्तान बने कोहली 

कोहली के टी-20 क्रिकेट में अब 6,500 से ज्यादा रन हो गए हैं। वह इतना रन बनाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बने हैं। दूसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 273 पारियों में 6,176 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 202 पारियों में 5,489 रन बनाए हैं। एरोन फिंच ने 168 पारियों में 5,174 रन बनाए हैं और गंभीर ने 166 पारियों में 4,242 रन बनाए हैं।