Page Loader
MI बनाम SRH: रोमांचक मुकाबले में जीता मुंबई, मैच में बने ये रिकार्ड्स

MI बनाम SRH: रोमांचक मुकाबले में जीता मुंबई, मैच में बने ये रिकार्ड्स

Apr 17, 2021
11:16 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के नौवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 13 रनों से हरा दिया है। MI ने पहले खेलते हुए क्विंटन डिकॉक (40) और किरोन पोलार्ड (35*) की पारियों की बदौलत 150/5 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH की टीम जॉनी बेयरस्टो की आक्रामक पारी (43 रन, 22 गेंदे) के बावजूद 137 पर ढेर हो गई। मैच में बने रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा मुकाबला

टॉस जीतकर पहले खेलते हुए क्विंटन डिकॉक (40) और रोहित शर्मा (32) ने अच्छी शुरुआत दिलवाई। इसके बाद MI के मध्यक्रम ने निराश किया लेकिन पोलार्ड (35* रन, 22 गेंदे) की मदद से टीम ने सम्मानजनक स्कोर बनाया। जवाब में बेयरस्टो (43) और वॉर्नर (36) की जोड़ी ने पॉवरप्ले में 57 रन जोड़कर अच्छा खेल दिखाया। इनके आउट होने के बाद टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। MI की ओर से बोल्ट और राहुल चाहर ने तीन-तीन विकेट लिए।

रिकार्ड्स

रोहित ने बनाए ये रिकार्ड्स

आज के मैच में 32 रनों की पारी खेलने वाले रोहित ने टी-20 क्रिकेट में बतौर कप्तान 4,000 रन पूरे किए हैं। वह ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। रोहित ने आज दो छक्के लगाए और अब उनके 203 मैचों में 217 छक्के हो गए हैं। वह IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस सूची में धोनी (216 छक्के) को पीछे छोड़ा है।

जानकारी

पोलार्ड ने IPL में पूरे किए 200 छक्के

पोलार्ड ने 22 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 35 रनों की नाबाद पारी खेली और इस बीच IPL में 200 छक्कों के मुकाम को हासिल किया। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले कुल छठवें और तीसरे विदेशी बल्लेबाज बने हैं।

रिकार्ड्स

मैच में बने अन्य रिकार्ड्स

पोलार्ड (201 छक्के) MI की ओर से 200 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। पोलार्ड ने अपनी 150वीं पारी में 200 छक्के पूरे किए। वह IPL में तीसरी सबसे कम पारियों में 200 छक्के के आंकड़े तक पहुंचे हैं। SRH के सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो 43 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए। वह IPL में हिट विकेट से आउट होने वाले सिर्फ 13वें खिलाड़ी बने हैं।