SRH बनाम MI: मुंबई ने 42 रनों से जीता मैच, बने ये रिकार्ड्स

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के 55वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 42 रनों से हरा दिया है। इस जीत के बावजूद MI प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। MI ने ईशान किशन (84) और सूर्यकुमार यादव (82) की पारियों की बदौलत 235/9 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में SRH की टीम मनीष पांडे (69*) के संघर्षपूर्ण अर्धशतक के बावजूद लक्ष्य से दूर रह गई। मैच में बने रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
ईशान ने पॉवरप्ले का भरपूर फायदा उठाते हुए इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक 16 गेंदों में लगाया। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। वहीं सूर्यकुमार यादव (82) ने भी शानदार पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में मनीष पांडे, जेसन रॉय (34) और अभिषेक शर्मा (33) ने अपनी टीम को जीत दिलवाने का असफल प्रयास किया। SRH ने पूरे ओवर खेलकर 193/8 का स्कोर बनाया।
इस बड़ी जीत के बावजूद MI की टीम अंक तालिका में पांचवे पायदान पर रही। MI ने इस सीजन में 14 में से सात मैच जीते। दूसरी तरफ आखिरी पायदान पर रही SRH की यह इस सीजन की 11वीं हार है।
ईशान किशन ने सिर्फ 16 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से अपने IPL करियर का नौवां और इस सीजन का दूसरा अर्धशतक लगा दिया। यह IPL 2021 में सबसे तेज अर्धशतक बन गया है। ईशान ने महज 32 गेंदों में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 84 रन बनाए। वह उमरान मलिक की गेंद पर पारी के 10वें ओवर में 124 के टीम स्कोर पर आउट हुए।
ईशान ने MI की ओर से सबसे तेज अर्धशतक (16 गेंद) लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके अलावा यह UAE में भी किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज अर्धशतक बन गया है। ईशान ने शुरुआती छह ओवरों के भीतर 63 रन जोड़े और यह IPL 2021 में पॉवरप्ले में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।
सूर्यकुमार यादव ने अपने IPL करियर का 13वां और इस सीजन का दूसरा अर्धशतक सात चौकों और दो छक्कों की मदद से सिर्फ 24 गेंदों में पूरा किया। इस दौरान उन्होंने अपने टी-20 करियर में 4,000 रन पूरे कर लिए हैं। सूर्यकुमार ने 40 गेंदों में 82 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और तीन छक्के भी लगाए हैं। यह उनके IPL करियर का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।
ईशान और सूर्यकुमार ने क्रमशः 262.50 और 205 के स्ट्राइक रेट से शानदार पारियां खेली। यह पहली बार है जब दो खिलाड़ियों ने IPL में एक ही पारी में 200 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 80 से अधिक रन बनाए हों।
IPL इतिहास में यह मुंबई इंडियंस (MI) के द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा टीम स्कोर हो गया है। इससे पहले पिछला सर्वोच्च टीम स्कोर 223/6 था, जो MI ने पंजाब के खिलाफ IPL 2017 में बनाया था। MI ने पॉवरप्ले में एक विकेट खोकर 83 रन बनाए। यह IPL इतिहास में MI का पॉवरप्ले में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर हो गया है।
पहली बार लीग में कप्तानी कर रहे मनीष पांडे ने अपना 27वां अर्धशतक 30 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 41 गेंदों में 69 रनों की नाबाद पारी खेली। यह इस सीजन का उनका तीसरा अर्धशतक है।