अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे इंतजार के बाद इन खिलाड़ियों ने की भारतीय टीम में वापसी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होती है। वहीं पिछले कुछ सालों में नए खिलाड़ियों के आने और टीम प्रबंधन के कड़े फैसलों की वजह से खिलाड़ियों की वापसी (कमबैक) कम ही देखने को मिली है। इन फैसलों में उम्र और फॉर्म अक्सर अहम भूमिका निभाते हैं। इस बीच उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक तरह से असंभव मानी जाने वाली वापसी की।
#1
भुवनेश्वर कुमार
भुवनेश्वर कुमार लंबे समय के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले सबसे नए भारतीय खिलाड़ी हैं।
2022 के आखिर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद इस तेज गेंदबाज को भारत की टी-20 योजनाओं से बाहर कर दिया गया था।
उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर वापसी की थी। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार 2 बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 36 साल की उम्र में फिर से वापसी की।
#2
जयदेव उनादकट
जयदेव उनादकट ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था, जिसमें 26 ओवर गेंदबाजी करने के बावजूद उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।
उन्हें अपनी दूसरी टेस्ट कैप पाने के लिए 12 साल से भी ज्यादा का इंतजार करना पड़ा, जब मोहम्मद शमी के चोटिल होने के बाद उन्हें 2022 के बांग्लादेश दौरे के लिए टीम में बुलाया गया।
उनादकट अपने पहले और दूसरे टेस्ट मैच के बीच कुल 118 टेस्ट मैचों से बाहर रहे थे।
#3
दिनेश कार्तिक
वनडे विश्व कप 2019 कप के बाद दिनेश कार्तिक की लोकप्रियता कम हो गई और उनका अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म होने की कगार पर था।
इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 2022 के IPL सीजन में RCB के साथ कुछ शानदार प्रदर्शन किया और भारत की टी-20 टीम में वापसी की थी।
वह टी-20 विश्व कप 2022 में भी खेलते हुए नजर आए थे। ऋषभ पंत के होने के बावजूद उनका चयन टीम में हुआ था।
#4
आशीष नेहरा
आशीष नेहरा ने 37 साल की उम्र में भारत के लिए शानदार अंतरराष्ट्रीय वापसी की।
वापसी करने से पहले यह बाएं हाथ का तेज गेंदबाज़ लगभग 6 साल तक राष्ट्रीय टीम से बाहर था।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने उनकी वापसी में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद उन्होंने 2016 एशिया कप और टी-20 विश्व कप में हिस्सा लिया और नवंबर 2017 में संन्यास ले लिया था।