भारतीय महिला टीम ने दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे को 121 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम को वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 121 रन से हरा दिया। इसके साथ उसने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 328/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में जिम्बाब्वे टीम मोडेस्टर मुपाचिकवा (49) की पारी के बाद भी 207 रन पर ढेर हो गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
भारत ने इस तरह दर्ज की जीत
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टीम को 19 रन पर 2 झटके लग गए थे। उसके बार सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल (61), हरमनप्रीत कौर (126) औ दीप्ति शर्मा (106*) ने दमदार पारियां खेलते हुए स्कोर को 328/6 पहुचा दिया।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम मोडेस्टर मुपाचिकवा और चिपो मुगेरी-तिरिपानो (46) की पारी के बाद भी 48.5 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत से वैष्णवी शर्मा ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए।
गेंदबाजी
कैसी रही भारत की गेंदबाजी?
मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। वैष्णवी ने 10 ओवर में एक मैडन के साथ 39 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए।
दीप्ती ने 9 ओवर में 32 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए।
सायली सतघरे ने 9 ओवर गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर एक, जिंतिमानि कलिता ने 7.5 ओवर में 34 रन देकर एक विकेट और श्री चरणी ने 8 ओवर में 34 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।
बल्लेबाजी
प्रतीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ा पहला वनडे अर्धशतक
भारत के लिए प्रतीका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (61) खेली।
यह उनके वनडे करियर का 9वां और जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 57 गेंदों में पूरा किया।
वह अपनी पारी में 67 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों से 61 रन बनाकर आउट हुईं।
वह अब तक 29 मैच खेल चुकी हैं, जिसकी 28 पारियों में 51.92 की औसत और 84 की स्ट्राइक रेट से 1,350 रन बना चुकी हैं।
शतक
हरमनप्रीत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ा पहला वनडे शतक
मुकाबले में हरनमप्रीत ने शानदार शतकीय पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 8वां और जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 101 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने प्रतीका (61) के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन और दीप्ति शर्मा (106*) के साथ 5वें विकेट के लिए भी 153 रन की शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी।
वह अपनी पारी में 121 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 126 रन बनाकर आउट हुईं।
उपलब्धि
भारत के लिए दूसरे सर्वाधिक शतक
इस शतकीय पारी के साथ ही हरमनप्रीत ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली। वह अब भारत के लिए दूसरी सर्वाधिक वनडे शतक जड़ने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 7 शतक दर्ज हैं।
इस सूची में मौजूदा कप्तान स्मृति मंधाना 14 शतकों के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं।
सूची में पूनम राउत, जेमिमा रोड्रिग्स और प्रतीका रावल (3-3) संयुक्त चौथे नंबर पर हैं।
शतक
दीप्ति ने जड़ा दूसरा वनडे शतक
भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर दीप्ति ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (106*) खेली।
यह उनके वनडे करियर का दूसरा और जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 83 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने हरमनप्रीत के साथ 5वें विकेट के लिए 153 रन की शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया।
वह पारी में 86 गेंदों में 15 चौकों से 106 रन बनाकर नाबाद रहीं।
उपलब्धि
दीप्ति ने भारत के लिए जड़ा 5वां सबसे तेज शतक
दिप्ती का यह शतक भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में 5वां सबसे तेज शतक रहा है।
इस सूची में मंधाना के नाम पहले तीन सबसे तेज शतक दर्ज हैं। उन्होंने 2025 में दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 गेंद, राजकोट में 70 गेंद और मुल्लांपुर में 77 गेंदों में शतक जड़े थे।
इसी तरह चौथे नंबर पर हरमनप्रीत हैं, जिन्होंने साल 2025 में ही चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के खिलाफ 82 गेंदों में शतक जड़ने का कारनामा किया था।