Page Loader
कोरोना से लड़ाई: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जुटाए 20 लाख रूपये, NGO को दिया दान

कोरोना से लड़ाई: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जुटाए 20 लाख रूपये, NGO को दिया दान

लेखन Neeraj Pandey
May 04, 2020
03:39 pm

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और इसके कारण देश में खेलों के आयोजन पर रोक लगा हुआ है। हालांकि, इस दौरान भारतीय खिलाड़ी लगातार कोरोना से लड़ाई में सहयोग देने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक्सरसाइज के जरिए 20 लाख रूपये की रकम इकट्ठा की है और उसे दिल्ली की एक NGO को दान किया है।

तरीका

इस तरह इकट्ठा की गई है रकम

18 दिन के फिटनेस चैलेंज के दौरान 20,01,130 रूपये की रकम इकट्ठा की गई है। इस राशि को दिल्ली की NGO उदय फाउंडेशन को दिया गया है। इस फंड का उपयोग अलग-अलग जगहों के मरीजों, मजदूरों और स्लम में रहने वाले लोगों के दैनिक उपयोग की चीजों के लिए किया जाएगा। हर दिन एक खिलाड़ी अपने सोशल मीडिया पर चैलेंज के साथ 10 लोगों को टैग करके उन्हें चैलेंज लेने और 100 रूपये दान करने के लिए कहती थी।

बयान

लोगों की प्रतिक्रिया रही अदभुत- रानी रामपाल

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि वह पूरी महिला टीम की तरफ से इस पहल में हिस्सा लेकर गरीबों की मदद करने वाले हर व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहूंगी। उन्होंने आगे कहा, "हमें जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली वह अदभुत रही। खास तौर से भारतीय हॉकी को पसंद करने विश्वभर में फैले वाले लोगों ने चैलेंज लिया और इस मुद्दे पर सहायता प्रदान की।"

क्रिकेटर्स

भारतीय क्रिकेटर्स ने भी दिया है बड़ा दान

भारतीय क्रिकेटर्स ने भी कोरोना से लड़ाई के लिए दान दिए हैं। रोहित शर्मा ने सबसे ज़्यादा 80 लाख रूपये का दान पीएम और सीएम केयर फंड्स में दिया है। इसके अलावा उन्होंने पांच-पांच लाख रूपये जोमैटो फीडिंग इंडिया और आवारा कुत्तों को खाना उपलब्ध कराने के लिए भी दिया है। सचिन तेंदुलकर ने 50 और सुरेश रैना ने 52 लाख रूपये का दान दिया है। अजिंक्या रहाणे ने भी 10 लाख रूपये का दान दिया है।

एथलीट्स

भारतीय एथलीट्स ने भी दिया है दान

भारतीय एथलीट्स की बात करें तो पहलवान बजरंग पुनिया ने अपनी छह महीने और धाविका हिमा दास ने अपनी एक महीने की सैलरी दान करने का निर्णय लिया है। युवा निशानेबाज मनु भाकर ने एक लाख रूपये का दान किया है। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने भी दस लाख रूपये दान किए हैं। स्टार जैवलिन थ्रोवर नीरज चोपड़ा ने भी हरियाणा सरकार को तीन लाख रूपये का दान दिया था।