Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल: घाना को 5-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम ने की शानदार शुरुआत
जीत के साथ भारत ने की शुरुआत (तस्वीर: ट्विटर/@TheHockeyIndia)

राष्ट्रमंडल खेल: घाना को 5-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम ने की शानदार शुरुआत

लेखन Neeraj Pandey
Jul 29, 2022
08:56 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है। उन्होंने अपने पहले मैच में घाना को 5-0 के अंतर से हराया है। भारत के लिए ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने सबसे अधिक दो गोल दागे। भारतीय टीम ने शुरुआत से लेकर अंत लगातार आक्रामक खेल दिखाया और घाना की टीम को कोई भी मौका नहीं दिया। आइए जानते हैं कैसा रहा यह मुकाबला।

पहला क्वार्टर

चार मिनट के अंदर ही भारत ने ले ली थी बढ़त

शुरुआती तीन मिनट में ही भारत ने आक्रमण करके पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था। गुरजीत कौर ने कॉर्नर पर गोल दागते हुए भारत को चौथे मिनट में ही बढ़त दिला दी थी। अगले मिनट में ही भारत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था, लेकिन गोल नहीं कर पाए। पहले क्वार्टर में घाना की डिफेंस और गोलकीपर ने दो बेहतरीन सेव किए और भारत के स्कोर को 1-0 से आगे नहीं जाने दिया।

दूसरा क्वार्टर

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने किया एक गोल

दूसरे क्वार्टर में घाना की तरफ से थोड़ी बेहतर डिफेंडिंग देखने को मिली और उन्होंने भारत को गोल करने के मौके नहीं दिए। घाना ने मैच का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन सविता पुनिया ने सेव करते हुए भारत को नुकसान नहीं होने दिया। घाना ने फिर से पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन इस पर भारतीय टीम ने आक्रमण किया और नेहा ने गोल दागते हुए भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

तीसरा क्वार्टर

तीसरे क्वार्टर में दो गोल दागकर भारत ने मैच पर बना ली अपनी पकड़

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर जीता और फिर गोल दागते हुए अपनी बढ़त 3-0 कर ली। तीसरा गोल संगीता ने किया था। चार मिनट बाद ही भारत की बढ़त 4-0 हो गई थी। भारत को मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर गुरजीत ने गोल दागा। गुरजीत द्वारा किए गए इस गोल के बाद घाना के लिए वापसी की कोई उम्मीद नहीं बची थी, लेकिन वे संघर्ष कर रही थीं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले गुरजीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागने का मौका गंवाया। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद सलीमा टेटे ने गोल दागा और स्कोर 5-0 कर दिया था।