महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित, जानिए किन्हें मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 12 जून से इंग्लैंड में आयोजित होने वाले महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। इसमें हरमनप्रीत कौर ही भारतीय टीम की कमान संभालेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान रहेंगी। देश को पहला महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब दिलाने वाली हरमनप्रीत पर फिर से भारत को विश्व चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी होगी। आइए भारतीय टीम पर एक नजर डालते हैं।
टीम
टी-20 विश्व कप के लिए कैसी है भारतीय टीम?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेस, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव। बता दें कि इस टीम में वनडे विश्व कप 2025 में अहम भूमिका निभाने वाली सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को मौका नहीं मिला है। उन पर यास्तिका भाटिया को तरहीज दी गई है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें किस-किस का हुआ चयन
The wait is over! ⌛
— BCCI Women (@BCCIWomen) May 2, 2026
🚨 Presenting #TeamIndia’s squad for the ICC Women’s T20 World Cup 2026 🇮🇳
Let's bring out the cheers for #WomenInBlue 🤩#T20WorldCup pic.twitter.com/vZTGtqeTZL
बयान
टीम की घोषणा पर क्या बोली हरमनप्रीत?
टीम की घोषणा से पहले BBCI मुख्यालय में चयन समिति की अध्यक्ष अमिता शर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और BCCI सचिव देवजीत सैकिया की मौजूदगी में चयन बैठक हुई। टीम की घोषणा के बाद हरमनप्रीत ने कहा, "हमने जो टीम चुनी है, उसमें दोबारा चैंपियन बनने की क्षमता है। अपने अगले कैंप में हम कई चीजें आजमाएंगे और देखेंगे कि हमें किसमें सहजता महसूस होती है। मैं टीम के लिए कोई भी भूमिका निभाने के लिए तैयार हूं।"
चयन
क्यों नहीं किया गया प्रतिका का चयन?
टीम में प्रतिका का चयन न होने पर हरमनप्रीत ने कहा, "चयन बैठक में प्रतिका रावल के बारे में चर्चा हुई थी, लेकिन चूंकि यस्तिका भाटिया अधिक अनुभवी हैं और हमें शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी का विकल्प देती हैं, इसलिए उन्हें प्राथमिकता दी गई है।" उन्होंने आगे कहा, "विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ हमारी एक बहुत अच्छी सीरीज होने वाली है और टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हम सुधार के सभी क्षेत्रों पर काम करने की कोशिश करेंगे।"
रवानगी
22 मई को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी भारतीय टीम
BCCI सचिव सैकिया ने कहा, "टी-20 विश्व कप और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज दोनों के लिए बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 7 दिवसीय शिविर लगाया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों की सभी कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद टीम 22 मई को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी।" बता दें कि भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप की शुरुआत से पहले मेजबान टीम के खिलाफ तैयारी टी-20 सीरीज भी खेलनी है।
अभियान
भारतीय टीम 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से करेगी अपने अभियान का आगाज
14 जून: भारत बनाम पाकिस्तान, एजबेस्टन 17 जून: भारत बनाम नीदरलैंड, हेडिंग्ले 21 जून: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, ओल्ड ट्रैफर्ड 25 जून: भारत बनाम बांग्लादेश, ओल्ड ट्रैफर्ड 28 जून: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लॉर्ड्स बता दें कि विश्व कप में शामिल 12 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप में 6 टीमें शामिल हैं। भारत को ग्रुप-1 में रखा गया है। ग्रुप-2 में इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज शामिल है।
खिताब
अपना पहला टी-20 विश्व कप खिताब जीतना चाहेगी भारतीय टीम
भारतीय महिला टीम ने अब तक टी-20 विश्व कप का खिताब नहीं जीता है और आगामी संस्करण में टीम पहली बार विजेता बनने का प्रयास करेगी। इससे पहले 2020 में भारतीय टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रही थी। साल 2024 में भारतीय टीम ग्रुप चरण में ही बाहर हो गई थी। इसी तरह टीम अब खेले गए विश्व कप के कुल 9 संस्करणों में 2009, 2010, 2018 और 2023 में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर चुकी है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें टी-20 विश्व कप 2026 का पूरा कार्यक्रम
Save the dates 🗓️
— ICC (@ICC) February 24, 2026
With all 12 teams locked in, presenting the full fixture list for ICC Women’s #T20WorldCup 2026 🏆
Details ➡️ https://t.co/ZijM7mQU38 pic.twitter.com/rH9LyzEo6B