जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, सैमसन को किया गया बाहर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के ऐलान कर दिया गया है। इसमें संजू सैमसन को टीम से बाहर कर दिया गया है और दूसरे विकेटकीपर के रूप में प्रभसिमरन सिंह को मौका दिया गया है। इसी तरह वैभव सूर्यवंशी को टीम में बरकरार रखा गया है। ऐसे में उनके सीरीज में बतौर सलामी बल्लेबाज खेलने की उम्मीद है।
टीम
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम
चयन समिति ने गेंदबाजी यूनिट में कई बदलाव किए हैं। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा को आराम दिया गया है। उनकी जगह मयंक यादव और गुजरात टाइटसं (GT) के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया हैं। जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
मौका
इन खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका
चयन समिति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में मौका दिया है। इनमें प्रभसिमरन, हर्ष दुबे, यश ठाकुर और अशोक शर्मा शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में किए गए उनके बेहतर प्रदर्शन का ईनाम मिला है। तेज गेंदबाज मयंक की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है। वह चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे और IPL 2026 में वापसी की थी।
वापसी
रिंकू सिंह की भी हुई वापसी
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के रिंकू ने इस साल की शुरुआत में हुए टी-20 विश्व कप 2026 के बाद पहली बार टीम में वापसी की है। उन्हें सूर्यकुमार यादव के साथ इंग्लैंड दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था। रिंकू का इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बल्ले से प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 8 पारियों में 28.75 के औसत से 115 रन बनाए हैं। हालांकि, IPL 2026 में उन्होंने फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे।
प्रतिस्थापन
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शिवम काे मौका
BCCI ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज में नितीश रेड्डी की जगह शिवम दुबे को टीम में शामिल किया है। ऐसे में वह टी-20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज के टीम के साथ इंग्लैंड में रुकेंगे। बता दें कि जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टी-20 सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई से होगी। पहला मुकाबला 23 जुलाई, दूसरा मुकाबला 25 जुलाई और तीसरा मुकाबला 26 जुलाई को खेला जाएगा। ये सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे।