अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, जानिए किन्हें मिला मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरषों की सीनियर चयन समित ने ने नई दिल्ली में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली आगामी 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस सीरीज के लिए टीम की कमान मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। यह सीरीज भारतीय सरजमीं पर ऐतिहासिक होगी, क्योंकि अफगानिस्तान पहली बार आधिकारिक तौर पर किसी द्विपक्षीय सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा।
टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम
चयन समिति ने वैभव सूर्यवंशी को बतौर सलामी बल्लेबाज टीम में बरकरार रखा है। इसी तरह तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम में स्पिन और तेज गेंदबाजी का अच्छा संयोजन शामिल किया है।
टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि विश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
India’s squad for Afghanistan T20I series announced. #TeamIndia will play three T20Is against Afghanistan at New Delhi, beginning September 13.#AFGvIND pic.twitter.com/UqTUeZyHz8
— BCCI (@BCCI) September 1, 2026
वापसी
सैमसन की हुई वापसी
भारतीय टीम में सैमसन की वापसी हुई है, जिन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था।
हालांकि, ऐसी खबरें थीं कि सैमसन को टीम से बाहर नहीं किया गया, बल्कि आराम दिया गया था। इस फैसले की काफी आलोचना हुई थी।
वह टी-20 विश्व कप 2026 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे।
इसी तरह ईशान किशन दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, वहीं सूर्यवंशी और अभिषेक दोनों को टीम में शामिल किया गया है।
चोटिल
चोटिल और अनफिट खिलाड़ियों पर बड़ा अपडेट
भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज बुमराह की टीम में वापसी हुई है, लेकिन उनका मैच खेलना पूरी तरह से उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
इसी तरह राणा, सुंदर और नितीश रेड्डी को भी टीम में शामिल किया है, लेकिन उनकी उपलब्धता भी पूरी तरह फिटनेस के अधीन है।
इन सभी खिलाड़ियों को BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद ही मैदान पर उतरने की अनुमति होगी।
वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अभी भी टीम से बाहर हैं।
निराशा
इन खिलाड़ियों को किया गया टीम से बाहर
स्पिन विभाग में अक्षर ने अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं, जिम्बाब्वे दौरे पर बेहद किफायती गेंदबाजी करने वाले रवि बिश्नोई को चयनकर्ताओं ने टीम में बनाए रखा है।
हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को सीरीज में मौका नहीं दिया गया है।
उनके अलावा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को भी इसी घरेलू सीरीज की टीम में जगह नहीं दी गई है।
जानकारी
कैसा रहेगा सीरीज का पूरा कार्यक्रम?
अफगानिस्तान टीम भारत के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कुल 3 मैच खेलेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद अगले दो मुकाबले क्रमश: 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे।