IPL डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अब तक एक से बढ़कर एक मैच हुए हैं, जिसमें कई युवा खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे ने भी अपने पहले ही मैच में प्रभावित किया। इन दोनों गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुकाबले में 4-4 विकेट लेते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। इस बीच IPL डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
साकिब हुसैन (4/24 बनाम RR, 2026)
RR के खिलाफ मैच में साकिब सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 24 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (1) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने डोनोवन फरेरा (69), जोफ्रा आर्चर (2) और रवि बिश्नोई (0) को पवेलियन की राह दिखाई। साकिब ने अपनी तेज गति के साथ-साथ स्लोवर वन से भी प्रभावित किया। उन्होंने डेथ ओवर्स में भी किफायती गेंदबाजी की।
#2
अश्विनी कुमार (4/24 बनाम KKR, 2025)
IPL 2025 के 12वें मैच में MI की ओर से अश्विनी कुमार ने यादगार डेब्यू किया था। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने KKR के खिलाफ मैच में 24 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। उन्होंने सिर्फ 3 ओवर ही गेंदबाजी की थी। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के चलते ही KKR की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 116 रन पर सिमट गई थी। जवाब में MI ने लक्ष्य हासिल किया था।
#3
प्रफुल हिंगे (4/34 बनाम RR, 2026)
पारी का पहला ओवर करने आए हिंगे ने अपनी दूसरी ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी (0) का विकेट चटकाया। उन्होंने उसी ओवर के चौथी ही गेंद पर अच्छी फॉर्म में चल रहे ध्रुव जुरेल (0) का शिकार किया। अपने पहले ही ओवर के आखिरी गेंद पर उन्होंने लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने पहले ओवर में सिर्फ 1 रन दिया। अपने 4 ओवर में उन्होंने 34 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
जानकारी
शादाब जकाती और पॉल वल्थाटी भी पहली बार गेंदबाजी करते हुए ले चुके हैं 4-4 विकेट
IPL में पहली बार गेंदबाजी करते हुए शादाब जकाती (CSK बनाम DC, 2009) और पॉल वल्थाटी (PBKS बनाम डेक्कन चार्जर्स, 2011) भी 4-4 विकेट ले चुके हैं। हालांकि, ये उनके डेब्यू मैच नहीं थे।