Loading...
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में इन भारतीय बल्लेबाजों ने जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के
नवजोत सिंह सिद्धू के आंकड़े श्रीलंका के खिलाफ कमाल के रहे हैं (फाइल तस्वीर)

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में इन भारतीय बल्लेबाजों ने जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के

Aug 10, 2026
03:36 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट क्रिकेट में कई यादगार मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड बनाए हैं। कुछ भारतीय बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ बड़े-बड़े छक्के लगाकर अपनी काबिलियत दिखाई है। 15 अगस्त से दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। ऐसे में आइए श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

नवजोत सिंह सिद्धू (18 छक्के)

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू इस सूची में पहले स्थान पर हैं।

उन्होंने साल 1993 में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। आखिरी बार वह 1997 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।

सिद्धू ने 11 मुकाबले खेले थे और इसकी 13 पारियों में 18 छक्के लगाने में सफल रहे थे।

उन्होंने 71.92 की औसत से 935 रन भी बनाए थे। उनके बल्ले से 4 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे।

#2

वीरेंद्र सहवाग (15 छक्के)

साल 2005 से 2010 के बीच श्रीलंका के खिलाफ 11 टेस्ट मैच खेलने वाले पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।

उन्होंने 18 पारियों में 15 छक्के लगाए थे। सहवाग ने 72.88 की औसत से इस टीम के खिलाफ 1,239 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 293 रन रहा था।

सहवाग 2 बार श्रीलंका के खिलाफ शून्य पर भी आउट हुए थे।

ADVERTISEMENT

#3

हार्दिक पांड्या और सचिन तेंदुलकर (10-10 छक्के)

हार्दिक पांड्या और सचिन तेंदुलकर इस सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। दोनों ने श्रीलंका के खिलाफ 10-10 छक्के लगाए हैं।

हार्दिक ने साल 2017 में 3 टेस्ट मैच खेले और 3 पारियों में 59.33 की औसत से 178 रन बनाए थे। उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला था।

वहीं, सचिन ने 1990 से 2010 के बीच 25 टेस्ट मैच खेले और 36 पारियों में 60.45 की औसत से 1,995 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT

#4

महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और सौरव गांगुली (9-9 छक्के)

चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 खिलाड़ी हैं। महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और सौरव गांगुली ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में 9-9 छक्के लगाए हैं।

धोनी ने 9 टेस्ट की 12 पारियों में 49.10 की औसत से 491 रन बनाए थे। रोहित ने 7 टेस्ट की 12 पारियों में 50.90 की औसत से श्रीलंका के खिलाफ 509 रन बनाए थे।

वहीं, गांगुली ने 14 टेस्ट की 24 पारियों में 46.26 की औसत से 1,064 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT