श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में इन भारतीय बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट क्रिकेट का इतिहास काफी पुराना रहा है। दोनों टीमों के बीच खेली गई अब तक की टेस्ट सीरीज में कई भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी पारियां खेली हैं। 15 अगस्त से दोनों टीमों के बीच एक बार फिर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होनी है। ऐसे में आइए श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
विराट कोहली (610 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं। साल 2017 में श्रीलंका की टीम 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने भारत आई थी।
उस सीरीज में कोहली ने 5 पारियों में 152.50 की उम्दा औसत के साथ 610 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 शतक और एक अर्धशतक निकला था।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 243 रन था। उस सीरीज को भारतीय टीम ने 1-0 से अपने नाम किया था। 2 मैच ड्रॉ रहे थे।
#2
वीरेंद्र सहवाग (491 रन)
साल 2009 में श्रीलंका की टीम 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने भारत आई थी। उस सीरीज में उसे 2-0 से हार मिली थी।
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का बल्ला श्रीलंका के खिलाफ उस टेस्ट सीरीज में खूब चला था।
उन्होंने 3 मुकाबले खेले थे और इसकी 4 पारियों में 122.75 की औसत से 491 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और एक अर्धशतक निकला था।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 293 रन रहा था।
#3
राहुल द्रविड़ (433 रन)
साल 2009 की उस सीरीज में राहुल द्रविड़ भी शानदार फॉर्म में थे।
वह सूची में तीसरे स्थान पर हैं। द्रविड़ ने 3 मैचों की 4 पारियों में 108.25 की औसत से 433 रन बनाए थे।
इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 1 अर्धशतक निकला था, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 177 रन रहा था।
भारत ने दूसरा टेस्ट पारी और 144 रन से जीता था। वहीं, तीसरे टेस्ट में उसे पारी और 24 रन से जीत मिली थी।
#4
सौरव गांगुली (392 रन)
इस सूची में चौथे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हैं।
साल 1997 में श्रीलंका 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने भारत आई थी। सीरीज के सभी मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए थे।
गांगुली ने उस सीरीज के 3 मैचों की 4 पारियों में 48.93 की औसत से 392 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और एक अर्धशतक निकला था।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 173 रन रहा था।