Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड के खिलाफ सबसे कम पारियों में 1,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 
जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट: इंग्लैंड के खिलाफ सबसे कम पारियों में 1,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 

Jul 23, 2025
07:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के चौथे टेस्ट के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पहली पारी में 58 रन बनाए और इस दौरान इंग्लैंड के विरुद्ध टेस्ट में अपने 1,000 रन पूरे किए। इंग्लैंड पहला ऐसा देश बना है, जिसके खिलाफ जायसवाल ने टेस्ट में ये आंकड़ा छूआ है। इस बीच इंग्लैंड के खिलाफ सबसे कम पारियों में 1,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

राहुल द्रविड़ (15 पारी)

राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 15 पारियों में अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए थे। इंग्लिश टीम के विरुद्ध पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने 21 टेस्ट खेले थे, इसकी 37 पारियों में 60.93 की औसत के साथ 1,950 रन बनाए थे। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 217 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 7 शतक और 8 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने इंग्लैंड में 68.80 की औसत से 1,376 रन बनाए थे।

#2 

सचिन तेंदुलकर (15 पारी)

पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी इंग्लैंड के खिलाफ अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए 15 पारियों का सहारा लिया था। उन्होंने इंग्लिश टीम के खिलाफ कुल 32 टेस्ट खेले थे, जिसमें 51.73 की औसत के साथ 2,535 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 193 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 7 शतक और 13 अर्धशतक लगाए थे। अपने टेस्ट करियर का अंत उन्होंने 15,921 रन के साथ किया था।

#3

मोहम्मद अजहरुद्दीन (16 पारी)

मोहम्मद अजहरुद्दीन को इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद था। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए 16 पारियों का सहारा लिया था। इंग्लिश टीम के खिलाफ पूर्व भारतीय कप्तान ने 15 टेस्ट खेले थे, जिसकी 24 पारियों में उन्होंने 58.09 की उम्दा औसत के साथ 1,278 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 6 शतक और 3 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे।

#4

यशस्वी जायसवाल (16 पारी) 

जायसवाल ने भी 16 पारियों में इंग्लैंड के विरुद्ध अपने 1,000 रन पूरे किए। इस बीच उन्होंने 8 पारियों में 50+ रन के स्कोर किए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का पहला मैच 2024 में हैदराबाद में खेला था। दिलचस्प रूप से वह इस टीम के खिलाफ 2 दोहरे शतक भी लगा चुके हैं। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने अपने युवा करियर में अब तक प्रभावित किया है।

विश्व रिकॉर्ड 

विव रिचर्ड्स ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 10 पारियों में बनाए थे 1,000 रन 

इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड विव रिचर्ड्स के नाम पर दर्ज है। पूर्व कैरेबियाई दिग्गज ने सिर्फ 10 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 36 टेस्ट खेले थे, जिसमें 62.36 की औसत के साथ 2,869 रन बनाए थे। उनके अलावा डॉन ब्रैडमैन ने 13 पारियों में, ब्रायन लारा ने 14 पारियों में और जॉर्ज हेडली ने 15 पारियों में इंग्लैंड के खिलाफ 1,000 रन पूरे किए थे।