भारत ने आयरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी टीम में शामिल नहीं
क्या है खबर?
आयरलैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम 2 मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले के लिए शुक्रवार (26 जून) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले का टॉस भातरीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में सबसे की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकी थी, लेकिन टीम प्रबंधन ने उन्हें अभी यह मौका नहीं दिया है।
टीम
कैसी है दोनों टीमों की प्लइंग इलेवन?
भारत ने सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं दिया है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ही पारी का आगाज करेंगे। भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा। आयरलैंड की प्लेइंग इलेवन: रॉस अडेयर, टिम टेक्टर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान एवं विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, लियाम मैकार्थी, जय मूंदरा और मैथ्यू हॉलार्ड।
बयान
सूर्यवंशी को मौका न देने पर क्या बोले श्रेयस?
टॉस के बाद श्रेयस ने कहा, "यह हमारे लिए एक नई पिच है, हममें से ज्यादातर लोगों ने यहां पहले कभी नहीं खेला है। इसलिए पहले फील्डिंग का फैसला किया है।" सूर्यवंशी के सवाल पर उन्होंने कहा, "अफसोस, नहीं। वह बहुत शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। हम उन पर भरोसा कर रहे हैं। सही समय आने पर सूर्यवंशी को भी मौका मिलेगा। मैं हैरानी भरी प्रतिक्रिया सुन सकता हूं।'
हेड-टू-हेड
भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है आयरलैंड टीम
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान सभी मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है। आयरलैंड अब तक एक भी मैच भारतीय टीम के खिलाफ जीत नहीं पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला जून 2024 में हुआ था। उस मैच को भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। आयरलैंड 96 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।
पिच
कैसा है बेलफास्ट की पिच का मिजाज?
बेलफास्ट की पिच से आमतौर पर बल्लेबाजों को अच्छी उछाल और गति मिलती है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज इसका फायदा उठाना चाहेंगे। हालांकि, मैच जितना आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिनर्स को मदद मिल सकती है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 10 मैच जीते हैं और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 16 मुकाबले अपने नाम किए हैं।