भारत विश्व कप 2027 से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा 6 वनडे मैचों की सीरीज
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे विश्व कप 2027 के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर, 2027 को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी। यह विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इसके लिए भारत ने विशेष तैयार की है। भारतीय टीम विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
मुकाबले
कहां होंगे वनडे सीरीज के मुकाबले
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका की उछाल भरी पिचों और परिस्थितियों से तालमेल बिठाने के लिए भारतीय टीम मुख्य टूर्नामेंट से काफी पहले वहां पहुंच जाएगी।
इस दौरान वहां 6 मैचों की एक महत्वपूर्ण वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसके मुकाबले जोहान्सबर्ग, केपटाउन और सेंचुरियन जैसे प्रमुख मैदानों पर आयोजित होंगे।
इससे भारतीय टीम को विश्व कप के दौरान इन मैदानों पर होने वाले मैचों से पहले वहां के हिसाब से बेहतर तैयारी का अवसर मिल सकेगा।
ग्रुप
भारतीय टीम ग्रुप-A में 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी
साल 2023 की उपविजेता भारतीय टीम को ग्रुप-A में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-A की टीमें शामिल हैं।
भारतीय टीम 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया, 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान, 14 अक्टूबर काे सेंचुरियन में अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को ब्लोमफोंटेन में क्वालिफायर-A और 24 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
ग्रुप-B में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और क्वालिफायर-B की टीमें होंगी।
सुपर-7
पहली बार दिखेगा 'सुपर-7' का रोमांच
इस बार विश्व कप में नया प्रारूप दिखेगा, जिसे 'सुपर-7' चरण कहा जाएगा। दोनों ग्रुप से शीर्ष-3 टीमें और दोनों ग्रुप में सबसे ज्यादा अंकों वाली सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान की टीम इस चरण में पहुंचेगी।
पुराने 'सुपर-6' प्रारूप के विपरीत इस बार टीमें ग्रुप चरण के अंकों को सुपर-7 में आगे लेकर नहीं जाएंगी।
यहां सभी को शून्य से शुरुआत करनी होगी। अगर, भारत आगे बढ़ता है, तो सुपर-7 में वह नंबर-1 सीड (A1) के तौर पर खेलेगा।
जानकारी
21 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
सुपर-7 चरण की शीर्ष-4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले केपटाउन और सेंचुरियन में खेले जाएंगे। फाइनल मैच 21 नवंबर, 2027 को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।