LOADING...
बिग बैश लीग 2026-27 का पहला मुकाबला भारत में होगा, हुई आधिकारिक घोषणा
भारत में खेला जाएगा बिग बैश लीग का उद्घाटन मुकाबला

बिग बैश लीग 2026-27 का पहला मुकाबला भारत में होगा, हुई आधिकारिक घोषणा

लेखन Manoj Panchal
Jul 10, 2026
09:47 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख टी-20 फ्रेंचाइजी लीग बिग बैश लीग (BBL) इतिहास रचने जा रही है। इसके 2026-27 सीजन का उद्घाटन मुकाबला भारत में आयोजित होगा। यह पहली बार होगा जब BBL का कोई आधिकारिक मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस फैसले की घोषणा की। यह कदम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते खेल संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

कार्यक्रम 

चेन्नई में खेला जाएगा मुकाबला

BBL 2026-27 सीजन का पहला मैच आगामी 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला दोपहर 2:40 पे शुरू होगा। यह पहला मौका होगा जब किसी विदेशी घरेलू टी-20 लीग का आधिकारिक मुकाबला भारत में आयोजित होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पुष्टि की है कि यह मैच मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह आयोजन लीग की वैश्विक पहुंच को बढ़ाने में मदद करेगा।

ट्विटर पोस्ट

आधिकारिक घोषणा

Advertisement

बयान 

मोदी ने क्रिकेट को बताया साझा जुनून

प्रधानमंत्री मोदी इस समय ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा करते हुए कहा, "MCG में कदम रखते ही हर भारतीय को दो भावनाएं महसूस होती हैं। एक भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरा यह एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि साझा जुनून है।" उन्होंने आगे कहा, "आज यहां किसी आखिरी ओवर के दबाव की बात नहीं, बल्कि दोस्ती और भविष्य के खिलाड़ियों की ऊर्जा का उत्सव है।"

Advertisement

बयान 

भारत में BBL से बढ़ेगा बाजार और निवेश का दायरा

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी एलिस्टेयर डॉबसन ने कहा, "BBL की लोकप्रियता हमारी सीमाओं से काफी आगे तक फैली है। नए बाजारों में विस्तार करना लीग के भविष्य के लिए जरूरी है।" रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में लीग मैच आयोजित करने से स्पॉन्सरशिप, मीडिया राइट्स और निवेश के अवसर बढ़ेंगे। यह आयोजन पर्यटन और व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती देगा। BBL पहले से भारत में प्रसारित होती है और इस कदम से भारतीय दर्शकों के साथ जुड़ाव और गहरा होगा।

Advertisement