भारत बनाम वेस्टइंडीज: शाई होप ने खेली 162* रन की पारी, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान शाई होप ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे वनडे में बेहतरीन शतकीय पारी (162*) खेली। यह उनके वनडे करियर का 21वां शतक साबित हुआ। मुल्लांपुर स्टेडियम में उन्होंने आमिर जांगू के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी निभाई। यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक भी है। उनकी इस पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने जीत के लिए मिले 352 रन के लक्ष्य को हासिल किया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
होप ने खेली उम्दा पारी
वेस्टइंडीज ने जब 41 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब होप क्रीज पर आए।
अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए उन्होंने 46 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने वेस्टइंडीज की पारी को संभाला और जांगू के साथ मिलकर 109 रन की साझेदारी की।
एक छोर से निरंतर रन बटोरते हुए कैरेबियाई कप्तान ने 104 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 143 गेंदों में 162 रन बनाकर नाबाद रहे।
शतक
होप ने भारत के खिलाफ 5वां शतक लगाया
होप ने भारत के खिलाफ 2017 में पहली बार कोई वनडे खेला था।
क्रिकइंफो के मुताबिक, शीर्षक्रम के इस बल्लेबाज ने भारतीय टीम के विरुद्ध अब तक 29 वनडे खेले हैं, इसकी 28 पारियों में उन्होंने लगभग 50 की औसत के साथ 1,200 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 5 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वह भारत के खिलाफ निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं।
रिकॉर्ड्स
होप ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
होप अब रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के खिलाफ सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने।
उन्होंने तिलकरत्ने दिलशान का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2009 में 160 रन बनाए थे।
होप भारत के खिलाफ 150+ रन बनाने वाले चौथे कप्तान बने। उनसे पहले सनथ जयसूर्या (2000), एंड्र्यू स्ट्रॉस (2011), जॉर्ज बेली (2013) ऐसा कर चुके थे।
होप भारत के खिलाफ 150+ रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बने।
रिकॉर्ड
होप ने भारत में चौथा शतक लगाया
होप ने भारत के खिलाफ भारत की सरजमीं पर अपना चौथा शतक लगाया।
भारत की धरती पर भारतीय टीम के खिलाफ दूसरे सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उनसे ज्यादा शतक सिर्फ एबी डीविलियर्स (5) ने लगाए हैं।
होप ने विकेटकीपर कप्तान के तौर पर अपना 8वां शतक लगाया। बतौर विकेटकीपर कप्तान वह सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने 6 शतक लगाए थे।
आंकड़े
शानदार है होप का वनडे करियर
होप ने पहला वनडे मैच साल 2016 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
अब तक वह 158 वनडे मैच खेल चुके हैं और इसकी 152 पारियों में लगभग 50 की शानदार औसत के साथ 6,500 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच 170 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 21 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
वह अब तक 500 से अधिक चौके और 100 से ज्यादा छक्के भी लगा चुके हैं।