भारत बनाम वेस्टइंडीज: वनडे सीरीज में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होगा। पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बावजूद भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है। वेस्टइंडीज भी घरेलू टीम के सामने चुनौती पेश कर सकती है। आइए उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जो इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
#1
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले वनडे मुकाबले में शानदार शतक लगाया था। यह शतक उनके संन्यास की अफवाहों के बीच आया था।
दाएं हाथ का यह दिग्गज बल्लेबाज आगामी सीरीज में भी अपना दबदबा कायम रखना चाहेगा।
वनडे में सलामी बल्लेबाज के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इस भूमिका में 9,865 रन बनाए हैं, जिसमें 32 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका औसत 54.5 का रहा है।
#2
विराट कोहली
विराट कोहली का वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रदर्शन सीरीज के नतीजे में अहम भूमिका निभा सकता है।
इस टीम के खिलाफ खिलाफ 41 वनडे पारियों में उन्होंने 66.50 की औसत से 2,261 रन बनाए हैं।
कोई दूसरा बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ 2,000 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया है। कम से कम 1,300 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में कोहली का औसत वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे बेहतर है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में उन्होंने 9 शतक भी लगाए हैं।
#3
कुलदीप यादव
कुलदीप यादव का हालिया फॉर्म भारतीय टीम के लिए अच्छा नहीं रहा है।
हालांकि, हाल ही में यॉर्कशायर के लिए काउंटी क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।
वनडे कप के 5 मैचों में बाएं हाथ के इस स्टार स्पिन गेंदबाज ने 4.46 की इकॉनमी से 9 विकेट हासिल किए।
कैरेबियाई टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों के पास भारतीय पिचों पर खेलने का अनुभव कम है। ऐसे में कुलदीप उन्हें अपनी गेंदबाजी से परेशानी में डाल सकते हैं।
#4
शाई होप
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप पर टीम के लिए अग्रणी भूमिका निभाने जिम्मेदारी होगी।
वेस्टइंडीज के वनडे इतिहास के सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाजों में शामिल होप का इस प्रारूप में औसत 50.09 का है।
भारत में खेले गए वनडे मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने यहां 74.10 की औसत से 741 रन बनाए हैं।
भारतीय गेंदबाजों की कोशिश इस खिलाड़ी को जल्द से जल्द पवेलियन भेजने पर होगी।
#5
गुडाकेश मोती
गुडाकेश मोती ने सीमित ओवरों की क्रिकेट में वेस्टइंडीज के प्रमुख स्पिन गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाई है।
वह बीच के ओवरों में रन बनाने की गति पर अंकुश लगाने के साथ अहम विकेट भी दिला सकते हैं।
भारत के खिलाफ खेले 4 वनडे मैचों में उन्होंने 8 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 4.20 की रही है।
मोती ने एशिया में अब तक 6 वनडे खेले हैं। उनकी गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकती है।