वनडे क्रिकेट: वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच वनडे में लंबे समय से प्रतिस्पर्धा रही है। एक बार फिर दोनों टीमें 3 मैचों की सीरीज के लिए 27 सितंबर से आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच हुए वनडे मुकाबलों में कई भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किए हैं। खासतौर पर घरेलू सरजमीं पर उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। ऐसे में घरेलू मैदानों पर वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डाल लेते हैं।
#1
विराट कोहली (1,265 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली हैं।
उन्होंने भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2011 में खेला था।
अब तक इस खिलाड़ी ने 23 मुकाबले खेले हैं और इसकी 23 पारियों में 63.25 की उम्दा औसत के साथ 1,265 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 5 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 157 रन रहा है। कोहली 3 पारियों में नाबाद भी रहे हैं।
#2
रोहित शर्मा (1,118 रन)
दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं।
उन्होंने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2011 में खेला था।
इस खिलाड़ी ने 19 मैच खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 69.87 की औसत से 1,118 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 162 रन रहा है। इस दौरान रोहित भी 3 पारियों में नाबाद रहे हैं।
#3
सचिन तेंदुलकर (677 रन)
तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं।
उन्होंने भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला साल 1993 में खेला था। आखिरी बार वह यहां 2011 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।
तेंदुलकर ने 17 मुकाबले खेले थे और इसकी 17 पारियों में 45.13 की औसत से 677 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा था।
#4
राहुल द्रविड़ (560 रन)
इस सूची में चौथे स्थान पर भारत के पूर्व स्टार खिलाड़ी राहुल द्रविड़ हैं।
वह साल 2002 से 2007 तक वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर वनडे मैच खेले।
इस दौरान उन्होंने 12 मुकाबलों की 11 पारियों में 70 की शानदार औसत के साथ 560 रन बनाए।
उनके बल्ले से एक शतक और 5 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 109 रन रहा। द्रविड़ 3 पारियों में नाबाद भी रहे।