टी-20 विश्व कप 2026: USA ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, सिराज की वापसी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच के लिए भारतीय क्रिकेट टीम और USA क्रिकेट टीम आमने-सामने हैं। वानखेड़े स्टेडियम में USA ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अस्वस्थ होने के चलते इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला है। सिराज को हाल ही में चोटिल हर्षित राणा की जगह टीम में जगह मिली थी। आइए दोनों टीमों के बारे में जानते हैं।
हेड-टू-हेड
एकमात्र मुकाबले में भारत ने दर्ज की है जीत
टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक ही मुकाबला खेला गया है और उसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला टी-20 विश्व कप 2024 में खेला गया था। उस मैच में अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 110/8 का स्कोर बनाया था। भारत से अर्शदीप सिंह ने 4 विकेट लिए थे। जवाब में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक (50) की मदद से लक्ष्य हासिल किया था।
टीम
ऐसी है भारत की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, और वरुण चक्रवर्ती। USA की प्लेइंग इलेवन: साईतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजाने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शाल्कवाइक, सौरभ नेत्रवलकर और अली खान।
ट्विटर पोस्ट
बुमराह के लिए BCCI ने जारी किया बयान
𝗨𝗽𝗱𝗮𝘁𝗲: Jasprit Bumrah was unavailable for selection for India’s opening T20 World Cup fixture against the USA due to illness. The BCCI medical team is closely monitoring his condition. #TeamIndia | #MeninBlue | #T20WorldCup | #INDvUSA
— BCCI (@BCCI) February 7, 2026
पिच
कैसा रहता है वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम अपनी बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच के लिए जाना जाता है, जो इसे उच्च स्कोर वाले मैचों के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है। हालांकि, लाल मिट्टी होने के कारण यहां स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिलेगी, लेकिन अनुशासित तेज गेंदबाज फिर भी कुछ हद तक सफल हो सकते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का स्कोर अक्सर 175-190 रनों के बीच रहता है, क्योंकि तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है।