श्रीलंका बनाम भारत: पहले टेस्ट मुकाबले का प्रीव्यू और जरुरी आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच शनिवार (15 अगस्त) से 2 टेस्ट मैच की सीरीज का आगाज होगा। पहला मुकाबला गॉल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी। वहीं, श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा की अगुवाई में मेजबान टीम भारत को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ऐसे में इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
श्रीलंका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और श्रीलंका के बीच 46 टेस्ट हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 22 मैच में जीत मिली है। श्रीलंका केवल 7 मैच अपने नाम करने में सफल हो पाई है। 17 मैच ड्रॉ रहे हैं।
भारतीय टीम ने श्रीलंका में 24 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 9 में जीत दर्ज की है और 7 में शिकस्त झेली है। इस बीच 8 टेस्ट ड्रॉ रहे थे।
भारत ने श्रीलंका को उनके घर पर पिछले 5 टेस्ट में हराया है।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारतीय टीम इस सीरीज में चोट की समस्या से जूझ रही है। साई सुदर्शन, जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे।
ऐसे में अगर सरफराज खान और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों को मौका मिलता है तो वे बेहतर प्रदर्शन कर खुद को साबित करना चाहेंगे।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, रविंद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है श्रीलंका की टीम
श्रीलंका भी चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज पथुम निसांका और कुसल मेंडिस पूरी सीरीज से बाहर हैं।
ऐसे में कामिंदु मेंडिस और दिनेश चांदीमल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम की जिम्मेदारी संभालते हुए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन: लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), पासिंदु सूरियाबंदर, सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर) रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या और असिथा फर्नांडो।
पिच
कैसा होगा पिच का मिजाज?
गॉल की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए अच्छी रह सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ेगा स्पिनरों का प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है।
गॉल में पहली पारी में बल्लेबाजी करना आसान है, जबकि चौथी पारी में बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल है।
ऐसे में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद हो सकता है। गर्मी और उमस के कारण तेज गेंदबाजों को शुरुआत में कुछ मदद मिलेगी, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिनर ज्यादा प्रभावी साबित हो सकते हैं।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, मैच के सभी 5 दिन बारिश होने की संभावना है। शनिवार को मैच के पहले दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है। पहले दिन बारिश होने की 50 प्रतिशत संभावना है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
श्रीलंका के लिए चांदीमल ने पिछले 10 मैच में 48.56 की औसत से 874 रन बनाए हैं।
कामिंदु के बल्ले से पिछले 10 मैच में 758 रन निकले हैं।
गिल ने पिछले 9 मुकाबलों में 82.77 की औसत से 1,076 रन बनाए हैं। राहुल के बल्ले से पिछले 10 मैच में 52.71 की औसत से 896 रन निकले हैं।
प्रभात ने पिछले 9 मुकाबलों में 46 विकेट चटकाए हैं। जडेजा के नाम पिछले 9 मैच में 25 विकेट है।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और श्रीलंका के बीच यह मैच 15 अगस्त से गॉल स्टेडियम में शुरू होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से देखा जा सकता है। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर होगी। सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।