LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच दिखेगी टक्कर
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को जोरदार टक्कर देना चाहेगी (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच दिखेगी टक्कर

Feb 21, 2026
04:54 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 चरण एक बड़े मुकाबले के लिए तैयार है, जहां 22 फरवरी को भारतीय क्रिकेट टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय रही हैं, जिससे यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है। यह मुकाबला पिछले संस्करण के फाइनल की यादें ताजा करेगा, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी। आइए जान लेते हैं कि अहमदाबाद की पिच पर किन खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।

#1

अभिषक शर्मा बनाम केशव महाराज 

अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में संघर्ष करते नजर आए हैं। वह लगातार 3 पारियों में बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं। पिछली 2 पारियों में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आउट होने के कारण केशव महाराज शुरुआती ओवरों में उनके लिए बड़ी चुनौती पेश करेंगे। दोनों के बीच 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में आमना-सामना हुआ है। महाराज एक बार अभिषेक को आउट कर चुके हैं। शुरुआती ओवरों में उनका रन रोकने का रिकॉर्ड भी काफी प्रभावी रहा है।

#2

अर्शदीप सिंह बनाम क्विंटन डिकॉक 

अर्शदीप सिंह और क्विंटन डिकॉक की टक्कर मैच की दिशा तय कर सकती है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों के बीच अब तक हुई 8 भिड़ंतों में अर्शदीप ने डिकॉक को 4 बार आउट किया है। दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज ने इस दौरान 48 गेंदों पर 79 रन बनाए हैं, जिसमें उनकी स्ट्राइक रेट 164.58 की रही है। कुल मिलाकर टी-20 क्रिकेट में अर्शदीप 12 पारियों में डिकॉक को 5 बार पवेलियन भेज चुके हैं।

Advertisement

#3

ईशान किशन बनाम कगिसो रबाडा 

टी-20 विश्व कप 2026 में ईशान किशन भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 4 मुकाबलों में 176 रन बनाए हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 202.29 की रही है। शुरुआती ओवरों में उनका सामना कगिसो रबाडा से होगा, जो 4 मैचों में 2 विकेट ले पाए हैं। टी-20 क्रिकेट में दोनों का 11 मुकाबलों में आमना-सामना हुआ है, जिनमें रबाडा ने ईशान को 2 बार आउट किया है, उन्होंने इस दौरान 162.79 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

Advertisement

#4

एडेन मार्करम बनाम जसप्रीत बुमराह 

एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 178 रन बनाए हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 187.36 की रही है। हालांकि, भारतीय टीम के पास जसप्रीत बुमराह के रूप में मौजूदा दौर के सबसे घातक तेज गेंदबाज हैं। आंकड़ों के लिहाज से बुमराह का पलड़ा मार्करम पर भारी रहा है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों के बीच हुई 5 भिड़ंतों में बुमराह ने 27 गेंदों पर 25 रन दिए हैं और एक बार मार्करम को पवेलियन भेजा है।

Advertisement