LOADING...
टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी, जानिए प्रीव्यू 
भारतीय टीम एक और बेहतरीन प्रदर्शन करना चाहेगी (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी, जानिए प्रीव्यू 

Feb 21, 2026
12:17 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 43वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम से 22 फरवरी को होगा। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में 4 मुकाबले खेले थे और उसे सभी मैचों में जीत मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने भी ग्रुप स्टेज में 4 मुकाबले खेले और उसे हर मैच में जीत मिली। सुपर-8 चरण का ये मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बात जानते हैं।

हेड-टू-हेड

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी 

दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2006 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 35 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 13 मैच में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है और 21 मैच भारतीय टीम ने जीते हैं। इस बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 7 भिड़ंत में से 6 में भारत को जीत मिली है।

जानकारी

टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का रहा है वर्चस्व

विश्व कप में दोनों टीमें कुल 7 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें 5 में भारतीय टीम जीती है और 2 मुकाबले प्रोटियाज टीम ने अपने नाम किए हैं। 2024 फाइनल में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसे भारतीय टीम ने जीता था।

Advertisement

टीम

इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम 

भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म है। इस विश्व कप में वह अब तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं। सुपर-8 के इस मुकाबले में उनसे खोया हुआ फॉर्म हासिल करने की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह से बड़ी भूमिका निभाने की आस रहेगी। भारत की संभावित एकादश: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, और अर्शदीप सिंह।

Advertisement

एकादश

इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है दक्षिण अफ्रीका की टीम 

दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में बेहद मजबूत नजर आई है। ऐसे में एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक से एक बार फिर तेज और ठोस शुरुआत की उम्मीद रहेगी। गेंदबाज़ी में कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी पर बेहतर प्रदर्शन की जिम्मेदारी होगी, जबकि स्पिन विभाग की कमान केशव महाराज के हाथों में रहेगी। संभावित एकादश: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।

पिच

कैसा रहता है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच का मिजाज?

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्‌टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। विश्व कप को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।

जानकारी

कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम? 

एक्यूवेदर के अनुसार, 22 फरवरी को अहमदाबाद का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 19 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। दर्शकों को एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।

नजर

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें 

सूर्यकुमार ने पिछले 10 मुकाबलों में 58.43 की औसत से 409 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से 8 मुकाबलों में 48.88 की औसत से 391 रन निकले हैं। डिकॉक ने पिछले 9 मुकाबलों में 417 रन बनाए हैं। कप्तान मार्करम के बल्ले से 10 मैचों में 377 रन निकले हैं। वरुण ने पिछले 8 मैच में 17 विकेट चटकाए हैं। अर्शदपी के नाम 8 मैच में 12 विकेट है। यानसन ने पिछले 7 मैच में 11 विकेट लिए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement