Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: हीथर नाइट ने लगाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
हीदर नाइट ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

भारत बनाम इंग्लैंड: हीथर नाइट ने लगाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Dec 10, 2023
10:10 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 टी-20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में रविवार को इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हीथर नाइट ने शानदार बल्लेबाजी की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 42 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 123.81 की रही। यह हीथर के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक है। इसके अलावा इस प्रारूप में उन्होंने 1 शतक भी लगाया है।

प्रदर्शन

सीरीज में हीथर का प्रदर्शन

सीरीज में हीथर के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 3 मुकाबलों में 32.50 की औसत और 116.07 की स्ट्राइक रेट से 65 रन बनाए। पहले 2 मुकाबलों में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। पहले टी-20 में उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ 7 गेंदों पर 1 चौके की मदद से 6 रन बनाए थे। सीरीज के दूसरे मैच में इंग्लिश कप्तान 7 गेंदों पर 7 रन बनाकर नाबाद रही थीं। इस दौरान उन्होंने 1 चौका भी लगाया था।

प्रदर्शन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में हीथर का प्रदर्शन

हीथर ने 22 नवंबर, 2010 को श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक खेले 107 मैच की 95 पारियों में 23.48 की औसत और 117.91 की स्ट्राइक रेट से 1,738 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 108 रन है। वह इंग्लैंड की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 5वीं सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनसे पहले चार्लोट एडवर्ड्स (2,605), डैनी व्याट (2,602), नेट साइवर-ब्रंट (2,323) और सारा टेलर (2,177) हैं।