भारत बनाम इंग्लैंड: कार्डिफ के मैदान पर कैसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में खेला जाएगा। पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में मेजबान टीम सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगी, जबकि भारतीय टीम जीत के साथ ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। आइए जानते हैं कि कार्डिफ के मैदान पर दोनों टीमों का रिकॉर्ड कैसा है?
प्रदर्शन
कार्डिफ में ऐसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन
इंग्लैंड ने इस मैदान पर अब तक 17 मैच खेले हैं। 10 में उसे जीत और 4 मैच में हार मिली है। 3 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है।
भारतीय टीम ने यहां 4 वनडे खेले हैं और 3 मैचों में जीत दर्ज की है। एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
दोनों टीमों के बीच यहां 2 मैच हुए हैं। एक मैच इंग्लैंड ने जीता है और एक मैच में भारत को जीत मिली है।
पिच रिपोर्ट
कैसी रहती है कार्डिफ की पिच?
सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलती है, खासकर बादल छाए रहने पर बल्लेबाजों की परीक्षा होती है।
हालांकि, नई गेंद का दौर निकलने के बाद बल्लेबाजी बहुत आसान हो जाती है और रन बनाना सहज रहता है।
बीच के ओवरों में पिच थोड़ी धीमी पड़ सकती है, जिससे स्पिनर और धीमी गति के गेंदबाज प्रभावी साबित होते हैं।
टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है।
रन
इंग्लैंड के इन खिलाड़ियों का इस मैदान पर रहा है अच्छा प्रदर्शन
जो रूट ने कार्डिफ में 11 मुकाबले खेले हैं और इसकी 11 पारियों में 46.9 की औसत से 469 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 166* रन रहा है।
जोस बटलर ने यहां 10 पारियों में 63.28 की औसत से 443 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी में आदिल राशिद ने 7 मैचों की 7 पारियों में 29.21 की औसत से 14 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/63 का रहा है।
भारत
भारत के इन खिलाड़ियों का रहा है कार्डिफ में शानदार प्रदर्शन
विराट कोहली ने इस मैदान पर 4 पारियों में 65.33 की औसत से 196 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107 रन है।
रोहित शर्मा ने यहां 3 मैचों की 3 पारियों में 50 की औसत से 150 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा ने 4 मैचों में 18 की औसत से 8 विकेट चटकाए हैं। रविचंद्रन अश्विन के नाम यहां 4 पारियों में 5 विकेट है।
जानकारी
कार्डिफ के मैदान पर सबसे बड़ा और सबसे छोटा स्कोर
कार्डिफ में वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर 386/6 रन है, जो इंग्लैंड ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। वहीं, सबसे छोटा स्कोर 125 रन है, जो अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 220 रन है।