Page Loader
दूसरा टेस्ट: भारत ने बांग्लादेश को दिए शुरुआती झटके, बारिश से बाधित रहा पहला दिन
भारत बनाम बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन 35 ओवर का ही खेल पाया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

दूसरा टेस्ट: भारत ने बांग्लादेश को दिए शुरुआती झटके, बारिश से बाधित रहा पहला दिन

Sep 27, 2024
03:45 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच शुक्रवार से कानपुर में शुरु हुए दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश से बाधित रहा। ऐसे में पहले दिन केवल 35 ओवर का ही खेल हो सका और शेष खेल रद्द कर दिया गया। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक 107/3 का स्कोर बना लिया था। मामिनुल हक (40*) मुश्फिकुर रहीम (6*) क्रीज पर मौजूद हैं।

टॉस

एक घंटे देरी से हुआ टॉस

कानपुर में गुरुवार को रात को बारिश होने से मैदान गीला रहा। ऐसे में टॉस करीब 1 घंटे देरी से किया गया। भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे होने वाला टॉस 10 बजे किया गया। इसके बाद साढ़े 10 बजे मैच की शुरुआत हुई और भारत को शुरुआती सफलता भी मिल गई। हालांकि, बार-बार बारिश का व्यवधान होने से केवल 35 ओवर का ही खेल हो पाया और आखिर में 3 बजे अम्पायरों ने दिन का बाकी खेल रद्द कर दिया।

सफलता

भारत ने हासिल की ये सफलताएं

मैच में भारत ने जाकिर हसन (0), शादमान इस्लाम (24) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (31) के रूप में 3 सफलताएं मिली हैं। इनमें 2 सफलताएं तेज गेंदबाज आकाश दीप और एक रविचंद्रन अश्विन को मिली है। इससे पहले भारत ने घरेलू मैदान पर 9 साल बाद टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इससे पहले भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में साल 2015 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ बेंगलुरु में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी।

प्लेइंग इलेवन

भारत ने 5 साल बाद प्लेइंग इलेवन में नहीं किया बदलाव

भारतीय टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी है। 5 साल में यह दूसरा मौका है जब टीम ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। इसके चलते कुलदीप यादव का घरेलू मैदान में टेस्ट मैच खेलने का इंतजार और बढ़ गया है। हालांकि, बाग्लादेश 2 बदलावों के साथ मैदान पर उतरा है। इससे पहले भारत ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ ही आयोजित 2 टेस्ट मैचाें की सीरीज में प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था।