LOADING...
पहली बार अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेलेगी भारतीय टीम, जानिए टी-20 सीरीज का शेड्यूल
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलेगी

पहली बार अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेलेगी भारतीय टीम, जानिए टी-20 सीरीज का शेड्यूल

Jun 02, 2026
09:50 am

क्या है खबर?

क्रिकेट इतिहास में पहली बार अफगानिस्तान भारतीय क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा। हालांकि यह सीरीज अफगानिस्तान में नहीं, बल्कि भारत की राजधानी नई दिल्ली में खेली जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 16 और 19 सितंबर को आयोजित होगी। इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इससे पहले अफगानिस्तान 6 जून से शुरू होने वाले दौरे पर भारत के खिलाफ एक टेस्ट और 3 वनडे मैच खेलने वाला है।

BCCI

BCCI ने कही ये बात 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के बीच अच्छे संबंध हैं। BCCI पहले आयरलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे जैसे बोर्डों की आर्थिक मदद के लिए भारतीय टीमों को वहां सीरीज खेलने भेज चुका है। इसी कारण यह सहमति बनी है। कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद घोषणा की जाएगी। ACB और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के बीच भी समझौता हो गया है।

DPL

दिल्ली प्रीमियर लीग के कार्यक्रम में हो रहा बदलाव 

सूत्र ने बताया कि DDCA अपनी दिल्ली प्रीमियर लीग टी-20 का कार्यक्रम इसी के अनुसार तैयार कर रहा है। अफगानिस्तान पिछले एक दशक से देश की राजनीतिक परिस्थितियों के कारण अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भारत और UAE में खेलता रहा है। इससे पहले अफगानिस्तान ने 2017 में ग्रेटर नोएडा में आयरलैंड की मेजबानी की थी, जबकि 2018 में देहरादून में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज आयोजित की थी। इसके बाद अफगानिस्तान ने UAE में मैचों का आयोजन किया था।

Advertisement

सीरीज

भारत की चयन समिति को बता दिया गया है शेड्यूल

BCCI के सूत्र ने बताया कि इस सीरीज का कार्यक्रम भारत की राष्ट्रीय चयन समिति के साथ साझा कर दिया गया है। चयनकर्ताओं को एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टी-20 टीम का चयन करना है। ये 23 सितंबर से शुरू होने वाली है। सूत्र के अनुसार, अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और एशियाई खेलों के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए ही टीम का चयन किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों की उपलब्धता और तैयारियों में कोई परेशानी न हो।

Advertisement