LOADING...
भारत बनाम अफगानिस्तान: प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली बार झटका 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स
प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली बार चटकाया 5 विकेट हॉल (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम अफगानिस्तान: प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली बार झटका 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Jun 20, 2026
05:39 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। यह उनके वनडे करियर का पहला ही 5 विकेट हॉल रहा है। उनकी गेंदबाजी के कारण ही अफगान टीम को शुरुआती झटके लगे और वह ज्यादा बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। आइए कृष्णा की गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही कृष्णा की गेंदबाजी?

कृष्णा ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम को 5 रन के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (5) के रूप में पहला झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने रहमत शाह (5), इब्राहिम जादरान (11), दरविश रसूली (1) और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (102) को भी पवेलियन की राह दिखा दी। उन्होंने अपने कोटे के 8.2 ओवर में 2 मेडन के साथ 23 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।

उपलब्धि

इस विशेष क्लब में शामिल हुए कृष्णा

पावरप्ले में कृष्णा का प्रदर्शन शानदार रहा, क्योंकि उन्होंने अपने पहले 5 ओवरों में 2 मेडन के साथ सिर्फ 6 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वह वनडे के पहले 10 ओवरों में कम से कम 4 विकेट लेने वाले छठे भारतीय बन गए। उनसे पहले मोहम्मद सिराज (2 बार), जवागल श्रीनाथ, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह भी यह कारनामा कर चुके हैं। वहीं, सिराज इस सूची में 5 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय हैं।

Advertisement

उपलब्धि

कृष्णा शीर्ष 5 बल्लेबाजों को आउट करने वाले तीसरे भारतीय

कृष्णा वनडे में विपक्षी टीम के शीर्ष 5 बल्लेबाजों को आउट करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने मनोज प्रभाकर और मोहम्मद शमी के साथ इस सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। चेन्नई में उनके 5/23 के आंकड़े अब तक के किसी भी गेंदबाज द्वारा वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हैं। चेन्नई में वनडे में 4 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज का एकमात्र अन्य उदाहरण 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ अजीत अगरकर का 4/34 का कारनामा था।

Advertisement

हैट्रिक

कृष्णा और रोहित ने बनाई अनोखी हैट्रिक

इस मुकाबले में कृष्णा और रोहित ने अनोखी हैट्रिक बनाई। अफगानिस्तान के पहले 3 विकेट कृष्णा ने झटके और तीनों कैच स्पिल में खड़े रोहित शर्मा ने पकड़े। रोहित अब वनडे में किसी गेंदबाज की गेंद पर 3 कैच लेने वाले तीसरे भारतीय फील्डर बने हैं। उन्होंने वीवीएस लक्ष्मण (इरफान पठान बनाम जिम्बाब्वे, 2004) और शिखर धवन (जसप्रीत बुमराह बनाम बांग्लादेश, 2018) की बराबरी कर ली है। रोहित तीन विकेट पर सभी कैच लेने वाले चौथे फील्डर भी हैं।

करियर

कैसा रहा है कृष्णा का वनडे करियर?

कृष्णा ने अपना पहला वनडे क्रिकेट मैच इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2021 में खेला था। उन्होंने अब तक भारत के लिए 25 वनडे मैच खेले हैं और इसकी 25 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 25.78 की औसत के साथ 45 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 5.91 की रही है। उन्होंने इस 5 विकेट हॉल के अलावा 3 बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किए हैं।

Advertisement