LOADING...
भारत बनाम अफगानिस्तान: पहले वनडे मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
भारतीय टीम जीत के साथ आगाज करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम अफगानिस्तान: पहले वनडे मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jun 12, 2026
01:05 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम सीरीज का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी। दूसरी ओर, हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई वाली अफगानिस्तान टीम उलटफेर की उम्मीदों के साथ मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमों के बीच रोचक मुकाबले की उम्मीद है। आइए मैच के प्रीव्यू और इससे जुड़ी अहम बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

अफगानिस्तान को नहीं मिली है एक भी जीत 

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 4 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 3 मैच में जीत मिली है। एक मैच टाई हुआ है। अफगानिस्तान की टीम एक भी मुकाबला जीत नहीं पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी वनडे मुकाबला 2023 में हुआ था। उसे भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। साल 2018 में अफगानिस्तान की टीम ने भारत के खिलाफ टाई मुकाबला खेला था।

प्लेइंग इलेवन

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम 

विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ी सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। प्रिंस यादव वनडे में अपना डेब्यू कर सकते हैं। वहीं, ऑलराउंडर के रूप में नितीश रेड्डी खेलते हुए नजर आ सकते हैं। भारत की संभावित एकादश: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नितीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा।

Advertisement

एकादश

इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है अफगानिस्तान की टीम 

अफगानिस्तान को हराना भारतीय टीम के लिए आसान नहीं होगा। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों काफी मजबूत नजर आ रही है। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान टीम को एक जोरदार शुरुआत देना चाहेंगे। गेंदबाजी में राशिद खान बेहतर प्रदर्शन करने को देखेंगे। अफगानिस्तान की संभावित एकादश: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सिदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी और फरीद अहमद मलिक।

Advertisement

पिच

ऐसी होगी धर्मशाला की पिच

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की पिच हरियाणा के भिवानी से मंगवाई गई काली मिट्‌टी से तैयार की गई है। इस मिट्‌टी में बालू की मात्रा न के बराबर होती है। इसके चलते पिचों पर गति और उछाल दोनों मिलता है। यहां आमतौर पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ स्पिनर्स भी जलवा दिखा सकते हैं। इसी तरह तेजी और अच्छा उछाल होने से टिकने के बाद बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट्स खेल सकते हैं।

जानकारी

ऐसा रहेगा धर्मशाला का मौसम 

एक्यूवेदर के अनुसार, 13 जून को धर्मशाला का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 55 प्रतिशत संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।

नजर

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर 

रोहित ने पिछले 10 मैच में 53.89 की औसत से 485 रन बनाए हैं। राहुल के बल्ले से पिछले 10 मैच में 351 रन निकले हैं। अफगानिस्तान के लिए जादरान ने पिछले 6 मैचों में 71.5 की औसत से 429 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कुलदीप ने पिछले 8 मुकाबलों में 6.12 की इकॉनमी से 15 विकेट चटकाए हैं। अर्शदीप ने 6 मैच में 11 विकेट लिए हैं। अफगानिस्तान के लिए राशिद ने 7 मैच में 16 विकेट झटके हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला? 

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दोपहर 1:30 बजे से से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement