भारत बनाम अफगानिस्तान: पहले वनडे में इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है टक्कर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के साथ अभियान का आगाज करना चाहेगी। विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ी इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे। दूसरी ओर अफगानिस्तान के पास भी कई मैच जिताऊ खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में कई खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
#1
रोहित शर्मा बनाम मोहम्मद सलीम साफी
युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम साफी ने हाल ही में भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में 6 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी थी। अब वह वनडे क्रिकेट में भी प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे। उनकी असली परीक्षा रोहित शर्मा के सामने होगी। रोहित वनडे के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं और उनके नाम 11,577 रन दर्ज हैं। साफी अपने शुरुआती 2 वनडे मैचों में कोई विकेट नहीं ले पाए थे। ऐसे में यह मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है।
#2
केएल राहुल बनाम राशिद खान
केएल राहुल भारतीय टीम के उन बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। 5वें नंबर पर उनके आंकड़े बेहद प्रभावशाली रहे हैं। राहुल को इस मुकाबले में स्पिनर राशिद खान की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। दोनों खिलाड़ियों की वनडे में ज्यादा भिड़ंत नहीं हुई है, लेकिन टी-20 क्रिकेट में राशिद 11 पारियों में राहुल को 3 बार आउट कर चुके हैं। इस दौरान राहुल की स्ट्राइक रेट 100 की रही है।
#3
रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम अर्शदीप सिंह
रहमानुल्लाह गुरबाज पिछले कुछ वर्षों में अफगानिस्तान के सबसे भरोसेमंद सीमित ओवरों के बल्लेबाजों रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम उन्हें बड़ी पारी खेलने से रोकना चाहेगी। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की भूमिका अहम हो सकती है। हालांकि, अर्शदीप का हालिया IPL सीजन खास नहीं रहा, लेकिन धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। अर्शदीप ने अब तक 15 वनडे मैचों में 25 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी रेट 5.38 की रही है।