LOADING...
भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की उम्र में निधन
गोपीनाथ भारत की पहली टेस्ट जीत का हिस्सा रहे थे (फाइल तस्वीर)

भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की उम्र में निधन

Apr 09, 2026
07:51 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम की पहली टेस्ट जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे भारत के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर थे और दुनिया में दूसरे स्थान पर थे। उनके निधन की पुष्टि गुरुवार को की गई। गोपीनाथ ने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान देने में बड़ा योगदान दिया। उनका करियर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा और उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा।

जन्म

गोपीनाथ भारत के लिए 8 टेस्ट मैच खेले 

गोपीनाथ का जन्म 1 मार्च 1930 को हुआ था। उन्होंने भारत के लिए 8 टेस्ट मैच खेले, जबकि मद्रास के लिए 83 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में हिस्सा लिया। उनका टेस्ट डेब्यू 1951 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हुआ था। पहले ही मैच में उन्होंने नाबाद अर्धशतक जड़कर शानदार शुरुआत की, जो उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वोच्च स्कोर भी रहा। इसी मुकाबले की दूसरी पारी में उन्होंने 42 रन बनाए और मैच ड्रॉ रहा।

ऐतिहासिक

ऐतिहासिक टेस्ट का हिस्सा रहे थे गोपीनाथ

गोपीनाथ की डेब्यू सीरीज का 5वां टेस्ट भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक रहा, जब टीम ने अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी। चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पारी और 8 रन से जीत हासिल की। अपने घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में गोपीनाथ ने एकमात्र पारी में 35 रन का योगदान दिया। यह जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई और गोपीनाथ भी इस खास पल का हिस्सा रहे।

Advertisement

करियर

ऐसा रहा गोपीनाथ का क्रिकेट करियर 

गोपीनाथ ने अपने टेस्ट करियर में 12 पारियों में 242 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा और उनकी औसत 22 की रही। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 42.16 की औसत से 4,259 रन बनाए, जिसमें 9 शतक शामिल हैं। 1970 के दशक में वे राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष बने और 1979 में इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के मैनेजर भी रहे। भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

Advertisement

जानकारी

अब ये खिलाड़ी है सबसे उम्रदराज जीवित भारतीय 

गोपीनाथ के निधन के बाद अब 95 वर्षीय चंद्रकांत पाटणकर भारत के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने 1956 में ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेला था और अब यह पहचान उनके नाम दर्ज हो गई है।

Advertisement