वनडे क्रिकेट: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के सबसे बड़े टीम स्कोर, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच वनडे क्रिकेट का इतिहास काफी पुराना रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने कई बार बड़ी पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया है। कुछ मौकों पर भारतीय टीम ने अपनी बल्लेबाजी की बदौलत बड़ा लक्ष्य खड़ा किया और विपक्षी टीम के सामने चुनौती पेश की। आइए आगामी वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम द्वारा बनाए गए सबसे बड़े स्कोर पर नजर डालते हैं।
#1
418/5, साल-2011
भारतीय टीम ने साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 418/5 का स्कोर बना दिया था।
दोनों टीमों के बीच खेले गए वनडे मुकाबलों में ये अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए वीरेंद्र सहवाग (219) और गौतम गंभीर (67) ने शानदार पारियां खेलीं थी। सुरेश रैना के बल्ले से 55 रन निकले थे।
जवाब में वेस्टइंडीज 265 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम को 153 रन से जीत मिली थी।
#2
387/5, साल- 2019
साल 2019 में वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर आई थी। वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 387/5 का स्कोर बना दिया था।
रोहित शर्मा ने 138 गेंदों का सामना करते हुए 159 रन बनाए थे। केएल राहुल के बल्ले से 104 गेंदों में 102 रन निकले थे।
श्रेयस अय्यर (53) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली थी।
जवाब में वेस्टइंडीज 280 रन बना पाई और मुकाबला 107 रन से हार गए।
#3
377/5, साल- 2018
भारतीय टीम ने साल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 377/5 का स्कोर बनाया था।
उस मुकाबले में रोहित ने 137 गेंदों का सामना करते हुए 162 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 20 चौके और 4 छक्के निकले थे।
अंबाती रायडू के बल्ले से 81 गेंदों में 100 रन निकले थे।
जवाब में वेस्टइंडीज 36.2 ओवर में सिर्फ 153 रन ही बना पाई थी और उसे 224 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
#4
351/5, साल- 2023
साल 2023 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 351/5 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था।
शुभमन गिल (85), ईशान किशन (77), संजू सैमसन (51) और उस मैच में कप्तान रहे हार्दिक पांड्या (70) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं थी।
जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 35.3 ओवर में सिर्फ 151 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
टीम को 200 रन से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।