Loading...
वेलिंगटन में 58 साल से टेस्ट जीत को तरस रहा भारत, फिर अधूरा रह गया सपना
वेलिंगटन में 58 साल से टेस्ट जीत को तरस रही है भारतीय क्रिकेट टीम

वेलिंगटन में 58 साल से टेस्ट जीत को तरस रहा भारत, फिर अधूरा रह गया सपना

Nov 23, 2026
11:20 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला गया पहला टेस्ट मैच आखिरकार ड्रॉ पर समाप्त हो गया। पहली पारी में 720/9 का विशाल स्कोर खड़ा करने और 352 रनों की बढ़त हासिल करने के बावजूद भारतीय गेंदबाज 5वें दिन मेजबान टीम को ऑलआउट करने में नाकाम रहे। कीवी टीम ने दूसरी पारी में 120 ओवर में 239/5 का स्कोर बनाते हुए मैच ड्रॉ करा लिया।

इंतजार

भारतीय टीम 58 साल से कर रही जीत का इंतजार

इस ड्रॉ के साथ ही वेलिंगटन मैदान पर भारत की एक और टेस्ट जीत का इंतजार अब 58 साल लंबा हो गया है।

भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपनी इकलौती जीत साल 1968 में मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में हासिल की थी।

इसके बाद 1976, 1981, 1998, 2002 और 2020 में टीम को यहां हार का सामना करना पड़ा।

इसी तरह साल 2009 और 2014 में यहां खेले गए मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए थे।

मुकाबला

न्यूजीलैंड ने इस तरह ड्रॉ कराया मुकाबला

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। हेनरी निकोल्स ने 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन की शानदार पारियां खेलीं।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने केएल राहुल (136), ऋषभ पंत (128), शुभमन गिल (98), देवदत्त पडिक्कल (80) और ध्रुव जुरेल (78) की पारियों की बदौलत 720/9 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 186 और ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदें खेलीं।

ADVERTISEMENT