भारत ने पहले टी-20 में जिम्बाब्वे को हराया, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली पहली जीत
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। हरारे में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए 125/7 का स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय टीम ने वैभव सूर्यवंशी की पारी (50) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। यह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की पहली ही जीत है। आइए इस मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
भारत ने आसानी से जीता मैच
ब्रायन बेनेट (0), डियॉन मायर्स (6) और सिकंदर रजा (4) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
शीर्षक्रम के लड़खड़ाने के बाद रयान बर्ल (26), वेस्ली मधेवेरे (39) और तादिवानाशे मारुमानी (27) ने टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
जवाब में अभिषेक शर्मा (1) के जल्दी आउट होने के बाद सूर्यवंशी ने अर्धशतक लगाया। इसके बाद ईशान किशन (35) और कप्तान अय्यर (28*) ने टीम की जीत में योगदान दिया।
भारत ने 14वें ओवर में मैच जीता।
मयंक यादव
मयंक यादव ने की उम्दा गेंदबाजी
मयंक यादव ने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर बेनेट को पवेलियन की राह दिखाई।
मयंक ने दूसरी बार किसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होने इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ 2024 में ऐसा किया था।
मयंक से पहले भुवनेश्वर कुमार (3 बार), हार्दिक पांड्या (2 बार), और अर्शदीप सिंह (2 बार) ऐसा कर चुके हैं।
वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने लगाया अपना पहला अर्धशतक
पारी की शुरुआत करते हुए सूर्यवंशी ने दूसरे ओवर में 2 छक्के और एक चौका लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए।
अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 19 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे।
उनकी पारी का अंत रिचर्ड नगारवा ने किया।
उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 45 रन भी जोड़े।
रिकॉर्ड
अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
क्रिकबज के मुताबिक, 15 साल और 118 दिन की उम्र में सूर्यवंशी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहला अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस (16 वर्ष और 56 दिन) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
इस सूची में इंडोनेशिया के केविन चड्ढा (16 वर्ष और 76 दिन) और सिएरा लियोन के अलुसीन तुरे (16 वर्ष और 89 दिन) अन्य बल्लेबाज हैं।
जानकारी
अय्यर की कप्तानी में भारत की पहली जीत
अय्यर ने आयरलैंड दौरे पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली बार कप्तानी की थी और भारत को क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी थी। इसके बाद इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराया था। आखिरकार, अय्यर के नेतृत्व में भारत ने अपनी पहली जीत दर्ज की।
सिलसिला
7 टी-20 मैचों के बाद आखिरकार जीता भारत
क्रिकबज के अनुसार, भारतीय टीम ने जून 2026 के बाद कोई टी-20 मैच जीता है।
इस बीच 7 मैचों में भारतीय टीम जीत दर्ज नहीं (हार-6 और बेनतीजा-1) कर सकी थी।
इसके साथ ही लगातार सबसे ज्यादा मैच में जीत नहीं हासिल कर पाने का सिलसिला आखिरकार टूटा है।
इससे पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत ने 2 अलग-अलग मौकों पर लगातार 4-4 हार का सामना किया है।