Loading...
भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 
भारतीय टीम को पहले वनडे में शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 

Jul 14, 2026
11:16 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 258 रन का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 45.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इंग्लैंड दौरे पर भारत की पहली जीत है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। एक समय उनके 6 बल्लेबाज 107 रन पर पवेलियन में थे।

यहां से जो रूट (76*) और लियाम डॉसन (68) इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक ले गए।

भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। जवाब में भारतीय टीम को भी शुरुआती झटके लगे।

हालांकि, शुभमन गिल (80, रिटायर्ड हर्ट), अक्षर (57*), वाशिंगटन सुंदर (52*) और श्रेयस अय्यर (35) की पारियों ने टीम को जीत दिला दी।

गेंदबाजी

ऐसी रही अक्षर की गेंदबाजी 

अक्षर ने 9.5 ओवर गेंदबाजी की और 62 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 6.30 की रही।

उन्होंने डॉसन (68), जोफ्रा आर्चर (12), आदिल राशिद (1) और जोश टंग (0) को अपना शिकार बनाया।

उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को 2-2 सफलता मिली।

वहीं, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट लिए। अक्षर अक्टूबर 2025 के बाद अपना पहला वनडे मुकाबला खेल रहे थे। इस खिलाड़ी ने पहली बार वनडे में 4 विकेट हॉल लिया।

ADVERTISEMENT

उपलब्धि

अक्षर ने हासिल की ये उपलब्धि 

अक्षर ने इंग्लैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में भारत के लिए 8वां सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया।

इस सूची में उनसे आगे अजीत अगरकर (4/60), युजवेंद्र चहल (4/47), रविंद्र जडेजा (4/28), हार्दिक पांड्या (4/24), मोहम्मद शमी (5/69), कुलदीप यादव (6/25) और बुमराह (6/19) का नाम दर्ज है।

अक्षर के अलावा इंग्लैंड की धरती पर वनडे में 4 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सिर्फ कुलदीप और जडेजा ही हैं।

ADVERTISEMENT

पारी

ऐसी रही रूट और डॉसन की पारी 

डॉसन और रूट के बीच 134 गेंदों में 121 रन की साझेदारी हुई। रूट ने 57 गेंदों में और डॉसन ने 65 गेंदों में अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए।

रूट 76 गेंदों में 76 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का निकला।

डॉसन 83 गेंदों में 68 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया।

रूट के वनडे करियर का 46वां और डॉसन के वनडे करियर का पहला अर्धशतक रहा।

उपलब्धि

डॉसन ने हासिल की ये उपलब्धि

डॉसन ने 36 साल और 135 दिन की उम्र में अपना पहला वनडे अर्धशतक लगाया।

इसके साथ ही वह 36 साल की उम्र के बाद वनडे में पहला अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं।

ज्यॉफ्री बॉयकॉट ने 38 साल और 245 दिन की उम्र में ऐसा किया था।

डॉसन ने भारत के खिलाफ वनडे में 8वें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया।

उनसे आगे सिर्फ सैम कर्रन (95 रन) हैं।

साझेदारी

रूट और डॉसन ने साझेदारी से ये रिकॉर्ड बनाए

रूट और डॉसन के बीच 121 रन की साझेदारी हुई। यह भारत के खिलाफ वनडे में 7वें विकेट या उससे नीचे के लिए इंग्लैंड की किसी भी जोड़ी की सबसे बड़ी साझेदारी है।

रूट और डॉसन 7वें विकेट या उससे नीचे के लिए भारत के खिलाफ वनडे में शतकीय साझेदारी करने वाली इंग्लैंड की सिर्फ दूसरी जोड़ी बन गई है।

वहीं, वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए 7वें विकेट या उससे नीचे की यह चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है।

कप्तान

ऐसी रही गिल की कप्तानी पारी 

गिल 75 गेंदों में 80 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। इसके बाद वह बल्लेबाजी करने नहीं आए।

अगर गिल शतक जड़ देते तो वह इंग्लैंड में वनडे में शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान होते।

उन्होंने मैच में 11 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी स्ट्राइक रेट 106.67 की रही। ये उनके वनडे करियर का 19वां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा।

ऐसा माना जा रहा है कि गिल के पैर में खिंचाव की समस्या हुई है।

वापसी

बुमराह की जोरदार वापसी 

बुमराह को मैच में एक विकेट मिला। वनडे विश्व कप 2023 फाइनल के बाद उन्होंने अपना पहला वनडे खेला।

उन्होंने इस वापसी को यादगार बनाते हुए अपने 150 विकेट पूरे कर लिए।

बुमराह वनडे प्रारूप में इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज भी बन गए। उनके 31 विकेट हो गए हैं।

इस खिलाड़ी ने जडेजा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 30 विकेट हैं। बुमराह तीसरे सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज भी बने।

ADVERTISEMENT