टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल: 170 पर सिमटा भारत, न्यूजीलैंड को जीत के लिए 139 रनों की जरूरत
क्या है खबर?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के आखिरी दिन (रिजर्व डे) न्यूजीलैंड की पकड़ मजबूत हो गई है। न्यूजीलैंड ने भारत की दूसरी पारी को 170 के स्कोर पर समेट दिया है। अब उन्हें मैच जीतने के लिए 139 रनों की जरूरत है।
भारत के लिए दूसरी पारी में ऋषभ पंत (41) ने सबसे अधिक रन बनाए तो वहीं न्यूजीलैंड के लिए टिम साउथी ने सबसे अधिक चार विकेट झटके।
शुरुआत
अंतिम दिन खराब रही भारत की शुरुआत
पांचवें दिन का खेल खत्म होने तक 32 रनों की बढ़त लेने वाली भारतीय टीम के लिए अंतिम दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अंतिम दिन उन्हें विराट कोहली (13) के रूप में शुुरुआती झटका लगा था। थोड़ी ही देर बाद चेतेश्वर पुजारा (15) भी पवेलियन लौट गए थे।
भारत ने अंतिम दिन के पहले सेशन में केवल आठ रन जोड़ते हुए कोहली और पुजारा के विकेट गंवाए थे।
ऋषभ पंत
पंत ने खेली जुझारू पारी
कोहली और पुजारा के विकेट जल्दी गिर जाने के बाद क्रीज पर आने वाले पंत ने शुरुआत में आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन बाद में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की।
पंत ने रविंद्र जडेजा (16) के साथ छठे विकेट के लिए 33 रनों की अहम साझेदारी की और भारत की बढ़त को 100 के पार ले गए। पंत ने 88 गेंदों का सामना किया और बोल्ट की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए।
दूसरा सेशन
दूसरे सेशन में 18 ओवर्स में केवल 40 रन बना सका भारत
लंच होने तक भारत ने 130/5 का स्कोर बनाया था। पंत और जडेजा क्रीज पर मौजूद थे, लेकिन दूसरे सेशन में कीवी गेंदबाजों ने शानदार कार्य किया। दूसरे सेशन में भारत ने 18 ओवर्स खेले और केवल 40 रन बनाते हुए अपने पांच विकेट गंवा दिए।
आसानी से रन नहीं बना पाना भारत के लिए अंतिम दिन की सबसे बड़ी परेशानी रही। मोहम्मद शमी ने अंत में 10 गेंदों में 13 रन बनाए।
जानकारी
लगातार जारी है भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ संघर्ष
2020 से न्यूजीलैंड के खिलाफ यह लगातार छठा मौका है जब भारत ने छह विकेट गंवाने के बाद 50 से कम रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम चार विकेट के लिए भारत ने सबसे अधिक 45 रन बनाए हैं।